विरेंद्र भट्ट मंडी नगर निगम के महापौर निर्वाचित, माधुरी कपूर बनीं उप महापौर

 

वार्ड नंबर 2 पुरानी मंडी के पार्षद एवं पूर्व उप महापौर विरेंद्र भट्ट मंडी नगर निगम के महापौर निर्वाचित हुए हैं, वहीं वार्ड नंबर 12 थनेहड़ा की पार्षद माधुरी कपूर उप महापौर चुनी गई हैं। शनिवार को नगर निगम कार्यालय सभागार में पीठासीन अधिकारी अतिरिक्त उपायुक्त निवेदिता नेगी की मौजूदगी में हुए चुनाव में सन्याहड़ी वार्ड के पार्षद वीरेंद्र आर्य ने महापौर पद के लिए विरेंद्र भट्ट के नाम का प्रस्ताव रखा, जिसे हाउस ने सर्वसम्मति से मंजूरी दे दी। वहीं बैहना वार्ड के पार्षद कृष्ण भानु ने उप महापौर पद के लिए माधुरी कपूर के नाम का प्रस्ताव किया, जिसे हाउस ने सर्वसम्मति से स्वीकार किया।

इसके उपरांत पीठासीन अधिकारी अतिरिक्त उपायुक्त निवेदिता नेगी ने नव निर्वाचित महापौर तथा उपमहापौर को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।

चुनाव के दौरान मंडी के विधायक अनिल शर्मा, बल्ह के विधायक इंद्र सिंह गांधी तथा द्रंग के विधायक पूर्ण चंद ठाकुर भी उपस्थित रहे। इसके अलावा नगर निगम के आयुक्त एच.एस. राणा तथा पार्षदगण उपस्थित रहे।

बता दें, अढ़ाई साल पहले बने नगर निगम मंडी में 15 वार्डों से पार्षद चुन कर आए थे। महापौर के लिए आरक्षित महिला पद होने के चलते दिपाली जस्वाल महापौर चुनीं गई थीं, वहीं विरेंद्र भट्ट उपमहापौर बने थे। जिनका कार्यकाल अढ़ाई वर्ष था। इसके पूर्ण होने के पश्चात इस बार महापौर पद अनारक्षित था।

powan dhiman
Author: powan dhiman

Leave a Comment

error: Content is protected !!