हिमाचल के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू शिमला में कांग्रेस विधायक दल मीटिंग लेंगे। इसमें लोकसभा और विधानसभा उप चुनाव को लेकर चर्चा होगी। सीएम सुक्खू ने यह मीटिंग अपने सरकारी आवास ओक ओवर में बुलाई है। मुख्यमंत्री ने सभी विधायकों को इसमें उपस्थित रहने के निर्देश दिए हैं।
विधायक दल में सभी विधायकों को लोकसभा चुनाव में लीड दिलाने का टारगेट दिया जाएगा। साल 2022 के विधानसभा चुनाव में विधायक खुद जितनी वोट से चुनाव जीते हैं, उस लीड को बरकरार रखते हुए उससे भी ज्यादा वोट दिलाने का टारगेट दिया जाएगा।
2019 में जब लोकसभा चुनाव हुए तो उस दौरान राज्य की सत्ता में भाजपा काबिज थी। तब हिमाचल की सभी 68 विधानसभा सीटों पर BJP ने लीड लेकर नया कीर्तिमान स्थापित किया था। मुख्यमंत्री सुक्खू भी आज राज्य की ज्यादातर विधानसभा सीटों पर लीड लेने की रणनीति बनाएंगे।
मुख्यमंत्री सुक्खू के लिए लोकसभा के साथ साथ छह विधानसभा सीटों पर उप चुनाव साख का सवाल बने हुए हैं। सियासी संकट सरकार पर बीते 27 फरवरी को राज्यसभा चुनाव के बाद आया, ऐसी स्थिति दोबारा न बने और विरोधी खेमा दोबारा मुख्यमंत्री के खिलाफ सक्रिय न हो। इसके लिए विधानसभा और लोकसभा चुनाव में जीत जरूरी है।
कांग्रेस सरकार की 15 महीने की उपलब्धियों को जनता के बीच पहुंचाने को लेकर भी मुख्यमंत्री सुक्खू आवश्यक दिशा-निर्देश देंगे।
लोकसभा में लीड दिलाने के साथ साथ आज कांग्रेस के विधायकों की चुनाव में भी ड्यूटी लगाई जा सकती है।
कांग्रेस विधायक अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों तक सीमित न रहकर दूसरे चुनाव क्षेत्रों में जाकर भी प्रचार करेंगे।
मीटिंग में लोकसभा व विधानसभा उप चुनाव के दौरान होने वाली जन सभाओं में भी भीड़ को लेकर मुख्यमंत्री सुक्खू दिशा-निर्देश दे सकते हैं।
