हिमाचल के कुछ भागों में दो दिन भारी बारिश का अलर्ट, भूस्खलन से 110 सड़कें प्रभावित

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार राज्य के कई स्थानों पर 8 सितंबर तक हल्की बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। 

हिमाचल प्रदेश के कुछ भागों में दो दिन भारी बारिश का अलर्ट है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार राज्य के कई स्थानों पर 8 सितंबर तक हल्की बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। 2 व 3 सितंबर के लिए कुछ स्थानों पर भारी बारिश का येलो अलर्ट है।  मंडी में चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाईवे भूस्खलन से छह व नौ मील के पास रात से सोमवार सुबह तक बंद रहा।
इससे यात्रियों व वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। सोमवार सुबह राजधानी शिमला में हल्की बारिश दर्ज की गई। वहीं रविवार रात को नाहन में 143.5, श्री नयना देवी 130.6, पच्छाद 83.0, पांवटा साहिब 72.6, कटौला 55.1, धौलाकुआं 66.0, सुंदरनगर 46.2, पंडोह 34.0, चंबा 33.0, भरमौर 32.0, धर्मशाला 13.2, पालमपुर 30.0, मंडी 19.2, भरमौर 32.0 व नेरी में 21.0 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
427 बिजली ट्रांसफार्मर भी प्रभावित
उधर, सोमवार सुबह 10:00 बजे तक राज्य में जगह-जगह भूस्खलन से एक नेशनल हाईवे सहित 110 सड़कों पर वाहनों की आवाजाही ठप रही। इसके अतिरिक्त 427 बिजली ट्रांसफार्मर भी प्रभावित चल रहे हैं। सबसे ज्यादा सेवाएं शिमला, मंडी, सिरमौर, कुल्लू व कांगड़ा जिले में प्रभावित हैं। पांवटा-शिलाई एनएच-707 पर हईनधार के पास भूस्खलन हुआ है।

powan dhiman
Author: powan dhiman

Leave a Comment

error: Content is protected !!