नशा मुक्त समाज बनाने के लिए प्रत्येक नागरिक को करने होंगे प्रयास:::: डॉक्टर पुष्पेंद्र वर्मा

आज हमीरपुर में माउंटेन टॉर्क मास्टर्स के द्वारा “रन हमीरपुर” मैराथन का आयोजन किया गया l यह मैराथन गांधी चौक से शुरू होते हुए भोटा चौक, दोसडका ,डुग्गा, बाईपास, बजुरी चौक से होते हुए गांधी चौक पर आकर समाप्त हुई यह मैराथन पूरे 15 किलोमीटर की रही ।

समापन समारोह के अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता डॉक्टर पुष्पेंद्र वर्मा ने शिरकत की। इस मौके पर डॉक्टर वर्मा के पहुंचने पर माउंटेन टॉर्क मास्टर्स के मुख्य कार्यकारी हरदेव ठाकुर ने टोपी और शॉल पहना कर मुख्य अतिथि का स्वागत किया।

इस मौके पर हरदेव ठाकुर ने बताया कि यह हमारा दूसरा इवेंट था जिसके द्वारा हम नौजवानों में नशे के खिलाफ जागरूकता जगाने की कोशिश करते हैं। पहला इवेंट हमारा बाइक रैली के रूप में था और यह हमारा मिनी मैराथन के रूप में दूसरा इवेंट रहा ।

इस मौके पर डॉक्टर पुष्पेंद्र वर्मा ने नौजवान युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि हमारे समाज के अंदर फैली इस नशे की बीमारी को हम सबको मिलकर मिटाना होगा। उन्होंने बताया कि जो व्यक्ति नशा करता है उसके अंदर एक हीन भावना होती है जो किसी को बताता नहीं है , लेकिन उस हीन भावना से ग्रस्त होकर उसकी मनोस्थिति हमेशा यह रहती है कि अगर वह गलत कर रहा है तो वह इसमें और लोगों को भी शामिल करें ।इसलिए वह कोशिश करता है कि दूसरों को भी नशे की लत लगाई जाए ।

डॉक्टर वर्मा ने इस मौके पर कहा कि हमें नशेड़ी युवकों को अकेले ना छोड़ते हुए उनके ऊपर दया दिखाते हुए उनको इलाज के लिए प्रेरित करना होगा ताकि वह नशे को त्याग कर समाज में एक सकारात्मक भूमिका निभा सके। वर्मा ने कहा कि नशे में केवल मजे के लिए ही लोग नहीं आते बल्कि और भी बहुत से कारण हैं जिन में बेरोजगारी पारिवारिक परिस्थितियों, कार्य स्थल पर तनाव या अन्य कारण हैं जो व्यक्ति को नशे की तरफ धकेलते हैं और इन परिस्थितियों में केवल दोस्त, भाई ,बहन और माता-पिता ही नशा करने वाले व्यक्ति की मदद कर सकते हैंऔर उसको मानिसक रूप से सहारा दे कर नशे की लत से छुटकारा दिला सकते हैं।

डॉक्टर पुष्पेंद्र वर्मा ने कहा कि आज हम सबको प्रण लेना है कि हम सब मिलकर इस नशे की कुरीति को अपने समाज से उखाड़ फेंकने के लिए मिलकर प्रयास करेंगे ।

इसके बाद मैराथन में हिस्सा लेने वाले विभिन्न आयु वर्गों के विजेताओं को मुख्य अतिथि ने नगद इनाम, सर्टिफिकेट और माउंटेन टॉर्क एंटरटेनमेंट की तरफ से टी-शर्ट वितरित की ।

इस अवसर पर डॉक्टर पुष्पेंद्र वर्मा के साथ नगर परिषद हमीरपुर के अध्यक्ष मनोज मिन्हास, जिला खेल अधिकारी विवेक कुमार, संजीव ठाकुर, विपिन ठाकुर व अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

powan dhiman
Author: powan dhiman

Leave a Comment

error: Content is protected !!