बड़सर विस क्षेत्र में खोला जाएगा कामगार कल्याण बोर्ड का उप कार्यालय : नरदेव कंवर

हिमाचल प्रदेश भवन एवं अन्य निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष नरदेव कंवर ने कहा है कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह से दिशा-निर्देश प्राप्त करने के बाद बड़सर विधानसभा क्षेत्र में बोर्ड का उप कार्यालय खोला जाएगा। इससे क्षेत्र के कामगारों को बहुत सुविधा होगी।

मंगलवार को यहां बिझड़ी के ताल स्टेडियम में बोर्ड के जागरुकता शिविर एवं आवश्यक सामग्री वितरण कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए नरदेव कंवर ने कहा कि विभिन्न निर्माण कार्यों से अपनी रोजी-रोटी कमाने वाले कामगारों के कल्याण के लिए बोर्ड के माध्यम से कई योजनाएं चलाई जा रही हैं। इन योजनाओं का लाभ गरीब, जरुरतमंद और पात्र कामगारों तक पहुंचाने के लिए प्रदेश सरकार लगातार प्रयासरत है। इसके लिए बोर्ड कामगारों की ई-केवाईसी भी करवाएगा, ताकि जरुरतमंद कामगारों की भरपूर मदद की जा सके।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हमेशा मानवीय सोच और गरीब की मदद के जज्बे के साथ कार्य करते हैं। उन्होंने बेसहारा बच्चों के लिए सुख आश्रय जैसी सराहनीय योजना आरंभ करके इन बच्चों को चिल्ड्रन ऑफ स्टेट का दर्जा दिया है। विधवा महिलाओं के बच्चों की शिक्षा के लिए भी इंदिरा गांधी सुख शिक्षा योजना शुरू की गई है। विधवा महिलाओं तथा मनरेगा में कार्य करने वाली गरीब महिलाओं को मकान बनाने के लिए भी मुख्यमंत्री ने 3 लाख रुपये की सहायता राशि का प्रावधान किया है।
नरदेव कंवर ने कहा कि गाय और भैंस के दूध तथा प्राकृतिक खेती से तैयार गेहूं और मक्की की फसल के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य घोषित करके मुख्यमंत्री ने ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों की आर्थिकी मजबूत करने की दिशा में सराहनीय पहल की है। उन्होंने बताया कि युवाओं के लिए भी प्रदेश सरकार ने 650 करोड़ रुपये की स्टार्टअप योजना आरंभ की है। इस योजना के माध्यम से युवा अपनी खाली जमीन पर सौर ऊर्जा संयंत्र लगाकर घर में ही अच्छी आय अर्जित कर सकते हैं। इस अवसर पर उन्होंने क्षेत्र के कामगारों को बोर्ड की ओर से आवश्यक सामान भी वितरित किया।
इससे पहले, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सुभाष ढटवालिया ने भी कामगारों को संबोधित किया तथा कार्यक्रम के आयोजन के लिए नरदेव कंवर का धन्यवाद किया। श्रम कल्याण अधिकारी रश्मि ठाकुर ने मुख्य अतिथि, अन्य अतिथियों और सभी कामगारों का स्वागत किया तथा बोर्ड की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। कार्यक्रम में एपीएमसी के अध्यक्ष अजय शर्मा और कांग्रेस के कई वरिष्ठ पदाधिकारी भी उपस्थित थे।

powan dhiman
Author: powan dhiman

Leave a Comment

error: Content is protected !!