नालायक , लापरवाह सूर्य कंस्ट्रक्शन कंपनी पर दर्ज हो एफआईआर : पवन कुमार 

समीरपुर वार्ड से जिला परिषद सदस्य पवन कुमार ने मांग की है कि नालायक एवं लापरवाह सूर्य कंस्ट्रक्शन कंपनी पर शीघ्र मामला दर्ज किया जाए। उन्होंने कहा कि करीब तीन साल से सुजानपुर , बमसन, भोरंज , धर्मपुर और सरकाघाट तहसीलों के हजारों लोग घटिया नेशनल हाइवे निर्माण कार्य और धूल मिट्टी से परेशान हैं । जिला परिषद की बैठकों में बार बार यह मुद्दा उन्होंने कई बार उठाया है। फिर भी तीन साल में बीस प्रतिशत निर्माण कार्य भी पूर्ण नहीं हो पाया है। पवन कुमार ने कहा कि निर्माण कंपनी की लापरवाही से कोट से लेकर धर्मपुर तक दर्जनों वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो चुके है। कई लोग जान गंवा चुके है और कई जिंदगी भर के लिए अपाहिज हो चुके हैं। इसके बावजूद निर्माण कंपनी अपनी जिम्मेवारी पूर्ण नहीं कर रही है। पवन कुमार ने कहा कि नेशनल हाइवे पर बन रहे रैन शेल्टर भी क्वालिटी के नहीं है तथा रैन शेल्टर के नाम पर टीन के खोखे खड़े किए जा रहे हैं। आर टी आई के तहत न तो मिनिस्ट्री ऑफ रोड ट्रांसपोर्ट एंड हाइवे की प्रोजेक्ट इंप्लीमेंटेशन यूनिट लोगों को डीपीआर की कॉपियां दे रही है और न ही एन एच ए आई के अधिकारी लोगों के बीच जा समस्याएं सुन रहे हैं। जिला परिषद सदस्य पवन कुमार ने गत रात आवाह देवी में हुई कार दुर्घटना को पूर्णता निर्माण कंपनी की लापरवाही बताया है। यहां न तो दो माह से टूटी सड़क का रैंप बना है और न ही कोई चेतावनी बोर्ड लगाया गया हैं।उन्होंने जिला प्रशासन से तुरंत संज्ञान लेते हुए सूर्य कंस्ट्रक्शन कंपनी के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई करने की मांग की है।

powan dhiman
Author: powan dhiman

Leave a Comment

error: Content is protected !!