हमीरपुर जिला के भोरंज विधानसभा क्षेत्र के सेऊ गांव में 130 ग्राम चिट्टा बरामदगी के मामले में गिरफ्तार किए गए युवक संजय कुमार पुलिस रिमांड में खुलासा किया है कि शिमला से ताल्लुक रखने वाले सप्लायर युवक मोंटी ने उस तक यह खेप पहुंचाई थी। इस खुलासे के उपरांत भोरंज पुलिस आरोपी सप्लायर मोंटी की तलाश में शिमला पहुंची, परन्तु यह जानकारी मिली है कि सप्लायर मोंटी पहले से ही एन.डी.पी.एस. के अन्य मामले में जेल की हवा खा रहा है। भोरंज के सेऊ निवासी संजय के खुलासे के उपरांत भोरंज पुलिस करीब 4 दिन पहले मोंटी की तलाश के शिमला रवाना हुई थी। भोरंज पुलिस टीम शिमला पुलिस के सहयोग से मोंटी की तलाश कर उस गिरफ्तार करने की फिराक में थी, परन्तु पुलिस टीम को शिमला पहुंचकर जानकारी मिली कि सप्लायर मोंटी चिट्टे बरामदगी के एक अन्य मामले में जेल में बंद है। जानकारी मिली है कि उस सप्लायर मोंटी पर पहले भी एन.डी.पी.एस. के एक दर्जन के करीब मामले दर्ज हैं।
मामले की पुष्टि ए. एस. पी. राजेश उपाध्याय ने की है। उन्होंने बताया कि संजय कुमार ने पुलिस रिमांड के दौरान शिमला से ताल्लुक रखने वाले मोंटी नामक सख्श को चिट्टा पहुंचाने के लिए जिम्मेदार ठहराया था। इसके उपरांत पुलिस इस सप्लायर की तलाश में थी, परंतु सप्लायर पहले ही एनडीपीएस के एक अन्य मामले में शिमला की जेल में कैद है।
