विद्युत उपमंडल बगी ने बिजली चोरी और घरेलू कनेक्शन से व्यवसायिक उपयोग करने वालों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। शुक्रवार को सहायक अभियंता इंजीनियर राजेंद्र शर्मा की अगुवाई में गठित टीम ने बगी अनुभाग में औचक निरीक्षण कर दो उपभोक्ताओं को रंगे हाथों पकड़ा। दोनों उपभोक्ता घरेलू मीटर से एक्सटेंशन लेकर दुकानों में कमर्शियल उपयोग कर रहे थे।
टीम में कनिष्ठ अभियंता इं. तुषार, इं. संजीव, इं. संजीत, इं. अजय, फोरमैन कमल और लाइनमैन नवीन सहित अन्य कर्मचारी शामिल थे। विभाग ने मौके पर ही नियमानुसार कार्रवाई करते हुए दोनों उपभोक्ताओं से कुल 21,800 रुपये का जुर्माना वसूला। साथ ही भविष्य में ऐसी गलती न दोहराने की हिदायत दी गई और दुकानों के लिए कमर्शियल मीटर लगाने के आदेश भी जारी किए गए। उपभोक्ताओं से इस बाबत सहमति पत्र भी लिया गया।
600 उपभोक्ताओं को जारी हुए नोटिस
सहायक अभियंता राजेंद्र शर्मा ने बताया कि विद्युत उपमंडल बगी के अंतर्गत लगभग 10,800 उपभोक्ता आते हैं, जिनमें से 600 उपभोक्ता लंबे समय से बिजली बिल का भुगतान नहीं कर रहे हैं। इन सभी को नोटिस जारी कर दिए गए हैं और निर्देश दिए गए हैं कि 15 दिन के भीतर अपने बकाया बिल जमा करें, अन्यथा उनकी बिजली आपूर्ति नियमानुसार काट दी जाएगी।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि बिजली चोरी और मीटर के दुरुपयोग को किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सभी उपभोक्ताओं से अपील की गई है कि वे नियमानुसार बिजली का उपयोग करें और समय पर बिल का भुगतान करें।
