हमीरपुर के माननीय न्यायाधीश विशाल भामनोत्रा के आदेश पर नेक्सा एवरग्रीन प्राइवेट लिमिटेड, सीकर (राजस्थान) के प्रतिनिधियों सहित 12 आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। यह कार्रवाई निजी शिकायत के आधार पर की गई है।
शिकायतकर्ता, भोरंज तहसील के कांजियांन गांव की निवासी शशि कुमारी ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने उन्हें और अन्य लोगों को “डोलेरा स्मार्ट सिटी” नामक एक फर्जी रियल एस्टेट प्रोजेक्ट में करीब 20 लाख रुपये निवेश करने के लिए बरगलाया। इस प्रोजेक्ट को गुजरात के अहमदाबाद के पास बताया गया था, जबकि वास्तव में ऐसा कोई प्रोजेक्ट नहीं था। शशि कुमारी ने खुद 11 लाख रुपये का निवेश किया था, जिसके बदले उन्हें झूठे आश्वासन और ऊंचे रिटर्न का लालच दिया गया।
कुछ शुरुआती भुगतान के बाद, आरोपियों ने जवाब देना बंद कर दिया और जब शिकायतकर्ता ने पैसे वापस मांगे तो उन्हें धमकियां भी दी गईं। शिकायतकर्ता ने पहले पुलिस प्रशासन से संपर्क किया, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई, जिसके बाद उन्होंने धारा 156(3) सीआरपीसी के तहत कोर्ट का दरवाजा खटखटाया।
अब पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।