बड़सर में सैकड़ों तबादलों के पीछे कौन है? मुख्यमंत्री को स्पष्ट जवाब देना होगा

बड़सर विधानसभा क्षेत्र के भाजपा विधायक श्री इंद्रदत्त लखनपाल ने प्रदेश सरकार की स्थानांतरण नीति पर तीखा प्रहार किया है। उन्होंने इसे पूर्णतया कर्मचारी विरोधी, महिला विरोधी और प्रशासनिक व्यवस्था के लिए खतरनाक करार देते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश में अब स्थानांतरण आवश्यकता के आधार पर नहीं बल्कि राजनीतिक बदले की भावना, सिफारिश और पैसे के लेन-देन के आधार पर किए जा रहे हैं।

 

विधायक लखनपाल ने आरोप लगाया कि प्रदेश में सक्रिय ‘तबादला माफिया’ की पूरी घटक सरकार के इशारे पर काम कर रही है और कांग्रेस सरकार उसकी कठपुतली बन चुकी है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि इस भ्रष्ट और अपारदर्शी तबादला प्रणाली के कारण सैकड़ों कर्मचारियों के अनैतिक, मनमाने और जबरन तबादले बड़सर क्षेत्र में हुए हैं, जिनके पीछे किसके निर्देश थे, इसका जवाब मुख्यमंत्री को देना होगा।

 

उन्होंने कहा,

“यह स्पष्ट हो गया है कि ये तबादले सरकार के शीर्ष नेतृत्व के इशारे पर किए जा रहे हैं, जो ईमानदार कर्मचारियों का शोषण करने और प्रशासन को कमजोर करने की साजिश है।”

 

महिला कर्मचारियों के साथ अमानवीय व्यवहार, परिवारों में तनाव

 

विधायक लखनपाल ने महिला कर्मचारियों के साथ हो रहे अमानवीय व्यवहार को भी गंभीर विषय बताया। उन्होंने कहा कि महिलाओं को दूर-दराज, दुर्गम और असुविधाजनक क्षेत्रों में तैनात किया जा रहा है, जहां रहना और काम करना उनके लिए अत्यंत कठिन है। इससे न केवल उनका सामाजिक और पारिवारिक जीवन प्रभावित हो रहा है, बल्कि यह सरकार की नारी सुरक्षा और सशक्तिकरण की बातों की पोल खोलता है।

 

कांग्रेस नेताओं द्वारा धमकाने और प्रताड़ना का आरोप

 

उन्होंने कांग्रेस के स्थानीय नेताओं पर भी कड़े आरोप लगाते हुए कहा कि ये नेता अधिकारियों और कर्मचारियों को खुलेआम धमका रहे हैं, उनके साथ अभद्र व्यवहार कर रहे हैं और मनोवैज्ञानिक उत्पीड़न कर रहे हैं। यह स्थिति लोकतंत्र और प्रशासनिक स्वतंत्रता दोनों के लिए गंभीर खतरा है।

 

तबादला माफिया की तत्काल जांच एवं कड़ी कार्रवाई की मांग

 

विधायक ने प्रदेश सरकार से मांग की है कि तत्काल तबादला माफिया की पहचान कर उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही, सभी राजनीतिक आधार पर हुए तबादलों की निष्पक्ष समीक्षा की जाए और महिला कर्मचारियों को राहत दी जाए।

 

उन्होंने चेतावनी दी,

“यदि सरकार ने समय रहते इस अन्याय को नहीं रोका, तो भारतीय जनता पार्टी पूरे प्रदेश में आंदोलन करेगी और कर्मचारी वर्ग के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष करेगी।”

 

भाजपा कर्मचारियों के अधिकारों की प्रतिबद्ध रक्षक

 

श्री इंद्रदत्त लखनपाल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी सदैव कर्मचारियों के सम्मान, अधिकारों और न्याय के साथ खड़ी रही है और आगे भी रहेगी। उन्होंने कांग्रेस को चेतावनी देते हुए कहा कि ऐसी गलत और भ्रष्ट प्रथाएं भविष्य में कांग्रेस के लिए राजनीतिक रूप से घातक सिद्ध होंगी।

powan dhiman
Author: powan dhiman

Leave a Comment

error: Content is protected !!