बमसन विकासखंड से आठ पंचायतों को अलग करने की योजना का विरोध, पंचायत प्रतिनिधियों ने डीसी से की हस्तक्षेप की मांग

विकासखंड बमसन की आठ ग्राम पंचायतों — समीरपुर, पंजोत, दरव्यार, बराड़ा, बगवाड़ा, दाढ़ी, टिक्कर खत्रियां और दिम्मी — को विकासखंड भोरंज में शामिल करने अथवा किसी नए विकासखंड में स्थानांतरित करने की संभावित योजना के विरोध में आज पंचायत प्रतिनिधियों ने जिलाधीश हमीरपुर को ज्ञापन सौंपा।

प्रतिनिधियों ने बताया कि उक्त पंचायतें पहले से ही बमसन विकासखंड तथा तहसील बमसन टोनी देवी के अंतर्गत आती हैं, और इनका मुख्यालय से फासला मात्र 4 से 5 किलोमीटर है। इसके अतिरिक्त, सभी पंचायतें राष्ट्रीय राजमार्ग 03 के किनारे स्थित हैं, जहां नियमित रूप से हर 10 मिनट में बस सेवा उपलब्ध है, जिससे लोगों को प्रशासनिक कार्यों के लिए मुख्यालय पहुंचना सहज रहता है।

ज्ञापन में निवेदन किया गया कि जनसुविधा और क्षेत्रीय संतुलन को ध्यान में रखते हुए इन पंचायतों की वर्तमान प्रशासनिक स्थिति को यथावत रखा जाए और किसी भी प्रकार का परिवर्तन न किया जाए, जिससे आम नागरिकों को असुविधा का सामना करना पड़े।

इस अवसर पर समीरपुर पंचायत के प्रधान चंद्रमोहन, बराड़ा पंचायत के प्रधान अनिल परमार, पंजोत पंचायत के प्रधान चमन ठाकुर, बगवाड़ा पंचायत के प्रधान देशराज, समीरपुर पंचायत के उपप्रधान अश्वनी गथानिया, दरव्यार पंचायत की प्रधान अंजना, टिक्कर खत्रियां पंचायत की प्रधान नीलम अरोड़ा, दाढ़ी पंचायत के उपप्रधान मिलाप चंद और दिम्मी पंचायत के उपप्रधान राकेश कुमार उपस्थित रहे।

प्रतिनिधियों ने उम्मीद जताई कि जिला प्रशासन जनहित को सर्वोपरि मानते हुए उनकी मांग पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करेगा।

powan dhiman
Author: powan dhiman

Leave a Comment

error: Content is protected !!