विधानसभा कल्याण समिति ने किया बाल व वृद्ध देखभाल केंद्रों का निरीक्षण

हिमाचल प्रदेश विधानसभा कल्याण समिति आज सभापति  मोहन लाल ब्राक्टा की अध्यक्षता में अपने भ्रमण प्रवास पर जिला मंडी पहुंची। समिति में सभापति के साथ सदस्य एवं विधायक  विनोद कुमार, श्रीमती रीना कश्यप,  लोकेंद्र कुमार,  राज,  चंद्रशेखर व  अनुराधा राणा शामिल हैं।

 

कल्याण समिति ने दिव्य मानव ज्योति बाल देखभाल केंद्र डैहर, बालिका देखभाल केंद्र सुंदरनगर व वृद्ध आश्रम देहरी सुंदरनगर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान समिति ने इन संस्थानों में रह रहे बच्चों व वृद्धजनों को प्रदान की जा रही सुविधाओं का बारीकी से अवलोकन किया तथा सरकार द्वारा संस्थानों को दी जा रही सहायता एवं संसाधनों की स्थिति की समीक्षा की।

 

समिति के सदस्यों ने बच्चों से संवाद स्थापित कर उनके दैनिक जीवन, शिक्षा, स्वास्थ्य तथा अन्य आवश्यकताओं के बारे में जानकारी प्राप्त की और उनकी समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना। समिति ने बच्चों के साथ समय व्यतीत करते हुए उन्हें प्रोत्साहित किया एवं भविष्य में और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए सुझाव भी दिए।

 

समिति द्वारा निरीक्षण उपरांत संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए ताकि बाल व वृद्ध देखभाल संस्थानों की कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावशाली तथा आवासियों के हितैषी बनाया जा सके।

 

इस अवसर पर एसडीएम सुंदरनगर अमर नेगी, तहसीलदार सुंदरनगर अंकित शर्मा, डीएसपी दिनेश कुमार, एक्स.ई.एन जल शक्ति विभाग रजत गर्ग, एसडीओ दिनेश कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

powan dhiman
Author: powan dhiman

Leave a Comment

error: Content is protected !!