बमसन ब्लॉक के गांव डाडू 30 जून तक चलेगा विशेष अभियान : अमरजीत सिंह

हमीरपुर 16 जून। उपायुक्त अमरजीत सिंह ने बताया कि विकास खंड बमसन के अनुसूचित जनजाति बाहुल गांव डाडू में ‘धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान’ के तहत 15 से 30 जून तक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के दौरान स्थानीय निवासियों को सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान करने के साथ-साथ इन योजनाओं के लिए पात्र सभी लोगों को लाभान्वित करके शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने की दिशा में कार्य किया जाएगा।

उपायुक्त ने बताया कि इस वर्ष जनजातीय स्वतंत्रता सेनानी भगवान बिरसा मुंडा के 150वें जयंती वर्ष को जनजातीय गौरव वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है। इसी कड़ी में
‘धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान’ आरंभ किया गया है। जनजातीय विभाग के माध्यम से चलाए जा रहे इस अभियान का मुख्य उद्देश्य अनुसूचित जनजाति वर्ग के लोगों को जागरुक करना तथा उन्हें विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित करना है।
उपायुक्त ने बताया कि जिला हमीरपुर में भी सभी संबंधित विभागों को गांव डाडू में इस अभियान को सफल बनाने तथा सभी पात्र लोगों को लाभान्वित करने के निर्देश दिए गए हैं। इस दौरान गांववासियों के आधार कार्ड, आयुष्मान कार्ड, किसान क्रेडिट कार्ड, मनरेगा कार्ड, बैंक खाता, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, छात्रवृत्ति और कई अन्य कल्याणकारी योजनाओं के शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने की दिशा में कार्य किया जाएगा।
उपायुक्त ने बताया कि इस अभियान में स्थानीय पंचायत जनप्रतिनिधियों, आंगनवाड़ी और आशा वर्कर्स तथा स्वयंसेवी संस्थाओं की भागीदारी भी सुनिश्चित की जाएगी।

powan dhiman
Author: powan dhiman

Leave a Comment

error: Content is protected !!