11 वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का जिला स्तरीय समारोह टाउन हॉल मंडी में हर्षोल्लास से संपन्न

11वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जिला स्तरीय समारोह का आयोजन शनिवार को मंडी के टाउन हॉल में उत्साहपूर्वक किया गया। खराब मौसम के कारण समारोह स्थल में परिवर्तन किया गया था, लेकिन इसका उत्साह और प्रभाव कहीं भी कम नहीं रहा। इस अवसर पर मंडी के उपायुक्त अपूर्व देवगन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

समारोह की शुरुआत परंपरागत दीप प्रज्वलन से की गई। इसके उपरांत ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की ओर से ध्यान (मैडिटेशन) सत्र का आयोजन किया गया, जिसमें उपस्थित जनसमूह ने गहन मनन और आत्मशुद्धि का अनुभव किया।

इसके पश्चात आयुष विभाग के तत्वावधान में योग प्रशिक्षकों द्वारा विभिन्न योग क्रियाएं और आसनों का अभ्यास करवाया गया। उपस्थित लोगों ने सामूहिक रूप से योगाभ्यास में भाग लेते हुए योग के शारीरिक, मानसिक एवं आत्मिक लाभों को आत्मसात किया। योग सत्र में ताड़ासन, वृक्षासन, त्रिकोणासन, भुजंगासन, शलभासन, वज्रासन, प्राणायाम की विभिन्न विधियां जैसे अनुलोम-विलोम, भस्त्रिका और भ्रामरी प्रमुख रूप से शामिल रहीं।

इस अवसर पर मंडी विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं पूर्व मंत्री अनिल शर्मा, नगर निगम मंडी के मेयर वीरेंद्र भट्ट, एडीसी गुरसीमर सिंह, एसडीएम रूपिंदर कौर, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ दीपाली, जिला आयुष अधिकारी डॉ राजेश कुमार, एमओएच डॉ दिनेश ठाकुर सहित जिले के कई वरिष्ठ अधिकारी व गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में जिला मुख्यालय के विभिन्न स्कूलों, आईटीआई, डाइट संस्थान और महाविद्यालय मंडी के विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के साथ-साथ आर्ट ऑफ लिविंग, ब्रह्माकुमारी, पतंजलि योग समिति, नेहरू युवा केंद्र सहित कई संगठनों के सदस्यों ने भाग लेकर सामूहिक योगाभ्यास किया।

उपायुक्त अपूर्व देवगन ने इस अवसर पर कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जिसे आज विश्व भर में अपनाया जा रहा है। उन्होंने युवाओं से योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करने का आह्वान करते हुए इसे स्वस्थ जीवन का आधार बताया।

powan dhiman
Author: powan dhiman

Leave a Comment

error: Content is protected !!