भरनांग पंचायत को सांसद अनुराग ठाकुर की सौगात – सामुदायिक भवन व आधुनिक जिम का लोकार्पण

सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र की भरनांग पंचायत आज विकास की दिशा में एक और कदम आगे बढ़ी, जब हमीरपुर के सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने अपने प्रयासों से निर्मित सामुदायिक भवन एवं जिम का विधिवत लोकार्पण किया। इस अवसर पर स्थानीय जनता में विशेष उत्साह देखा गया।

 

अनुराग ठाकुर ने इस अवसर पर कहा कि भरनांग पंचायत में आधुनिक सुविधाओं का विस्तार क्षेत्र के युवाओं, महिलाओं और बच्चों के लिए सशक्त भविष्य की नींव रखेगा। उन्होंने बताया कि यह जिम बच्चों व युवाओं के लिए न केवल स्वास्थ्य को बढ़ावा देगा, बल्कि उन्हें खेलों के प्रति जागरूक भी करेगा। विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों में इस प्रकार की सुविधाएं युवाओं को आगे बढ़ने का हौसला देती हैं।

 

महिला सशक्तिकरण को दी दिशा

 

अपने संबोधन में अनुराग ठाकुर ने कहा, “आज महिलाएं पंचायत स्तर पर बेहतरीन प्रतिनिधित्व कर रही हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं को 33% आरक्षण देकर उन्हें विधानसभा और लोकसभा में आगे लाने की दिशा में ऐतिहासिक कदम उठाया गया है। आज महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करवा रही हैं।”

 

प्रतिभाओं का हुआ सम्मान

 

कार्यक्रम में पंचायत के मेधावी छात्र, जिन्होंने जमा दो की परीक्षा में राज्य स्तर पर उल्लेखनीय स्थान प्राप्त किया, और जूडो खिलाड़ी को, जिन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर पुरस्कार जीता, सांसद द्वारा सम्मानित किया गया। इसके साथ ही एक अन्य खिलाड़ी को, जिसने जिला स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त किया, भी विशेष रूप से सराहा गया।

 

नेताओं की गरिमामयी उपस्थिति

 

इस लोकार्पण कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष राकेश ठाकुर, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य विजय बहल, स्थानीय प्रधान विमला देवी, जिला महामंत्री अजय रिंटू, कोषाध्यक्ष तेज प्रकाश चोपड़ा, सचिव विनोद ठाकुर, महिला मोर्चा अध्यक्षा अर्चना चौहान, युवा मोर्चा अध्यक्ष कपिल, मंडल अध्यक्ष विक्रम राणा, जसवंत सिंह, मीडिया प्रभारी सहित अन्य गणमान्य भाजपा पदाधिकारी उपस्थित रहे।

powan dhiman
Author: powan dhiman

Leave a Comment

error: Content is protected !!