सड़क हादसों को न्यूनतम करने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय से करें कार्य : एडीएम

धर्मशाला, 27 जून। जिला कांगड़ा में सड़क हादसों में कमी लाने और सड़क सुरक्षा नियमों की सख्ती से अनुपालना सुनिश्चित करने हेतु आज उपायुक्त कार्यालय में आयोजित जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक की अध्यक्षता एडीएम कांगड़ा शिल्पी वेक्टा ने की। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि अपने क्षेत्र में स्थित सभी ब्लैक स्पॉट्स का विवरण समिति को भेजें तथा आवश्यक मरम्मत कार्य के लिए निधि प्रस्ताव संबंधित नोडल अधिकारी के माध्यम से परिवहन विभाग को भेजा जाए।

उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि स्कूलों से जुड़े वाहनों की नियमित जांच सुनिश्चित की जाए ताकि वे मा. सुप्रीम कोर्ट और मोटर वाहन अधिनियम 1988 के अनुसार संचालित हों।

 

एडीएम शिल्पी वेक्टा ने कहा कि सड़क सुरक्षा के प्रति आम जनता, विद्यार्थियों और युवाओं को जागरूक करने के लिए रैली, नुक्कड़ नाटक जैसे माध्यमों का सहारा लिया जाए। उन्होंने जनता से ट्रैफिक नियमों का पालन करने की अपील की और कहा कि दुर्घटना में घायल व्यक्ति की बिना पुलिस भय के मदद करें। उन्होंने बताया कि गंभीर रूप से घायल व्यक्ति की मदद करने वालों को ’राहवीर योजना’ के अंतर्गत 25 हजार रुपये की पुरस्कार राशि व प्रशंसा पत्र प्रदान किया जाता है।

 

इससे पहले आरटीओ मनीष कुमार सोनी ने एडीएम तथा अन्य सदस्यों का स्वागत करते हुए कांगड़ा जिले में सड़क सुरक्षा के लिए उठाए गए कदमों की जानकारी दी।

 

बैठक में क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी धर्मशाला द्वारा 2023 और 2024 में हुए सड़क हादसों का आंकड़ा प्रस्तुत किया गया। उन्होंने बताया कि इस वर्ष अब तक 132 सड़क दुर्घटनाएं हुई हैं, जिनमें 43 लोगों की मृत्यु और 153 लोग घायल हुए हैं। उन्होंने बताया कि अधिकतर दुर्घटनाएं तेज गति, ओवरलोडिंग, खतरनाक ड्राइविंग और लेन परिवर्तन जैसी लापरवाहियों के चलते हुईं। उन्होंने सड़क सुरक्षा को लेकर अधिक जन-जागरूकता फैलाने की आवश्यकता पर बल दिया।

 

बैठक में जिले के सभी उपमंडल अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से जुड़े रहे, समिति के अन्य सदस्यों में पुलिस, स्वास्थ्य, शिक्षा, लोक निर्माण विभाग, एचआरटीसी और नेशनल हाईवे विभाग के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।

powan dhiman
Author: powan dhiman

Leave a Comment

error: Content is protected !!