त्रुटिरहित मतदाता सूचियों के लिए गंभीरता के साथ कार्य करें बीएलओ एसडीएम शशिपाल शर्मा ने दिए निर्देश 

भोरंज 14 जुलाई। मतदाता सूचियों के अद्यतन अर्थात नवीनीकरण के लिए 21 जुलाई से 21 अगस्त तक चलाए जाने वाले विशेष अभियान के संबंध में विधानसभा क्षेत्र 36-भोरंज के बूथ लेवल अधिकारियों और पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षित करने हेतु सोमवार को यहां एक कार्यशाला आयोजित की गई।

इस अवसर पर एसडीएम एवं विधानसभा क्षेत्र 36-भोरंज के निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी शशिपाल शर्मा ने कहा कि इस अभियान के दौरान क्षेत्र की फोटोयुक्त मतदाता सूचियों में नए पात्र लोगांे के नाम शामिल करने, मृत या किन्हीं कारणों से स्थान छोड़ चुके लोगों के नाम हटाने और इन सूचियों में व्याप्त अशुद्धियों को दुरुस्त करने की प्रक्रिया पूर्ण की जाएगी। इस दौरान सभी बूथ लेवल अधिकारी घर-घर जाकर मतदाताओं के विवरण की जांच एवं सत्यापन करेंगे। वे परिवार के मुखिया की सहायता से यह सुनिश्चित करेंगे कि परिवार के सभी पात्र सदस्यों के नाम मतदाता सूची में दर्ज हैं तथा इनके विवरण भी पूरी तरह सही हैं।

एसडीएम ने बीएलओ को घर-घर जाकर मतदाता विवरण का सत्यापन करने, नए नाम जोड़ने और अपात्र लोगों के नाम हटाने, संशोधन एवं मतदान केन्द्रों के युक्तिकरण के संबंध में तकनीकी और व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया।

शशिपाल शर्मा ने कहा कि सटीक, नवीनतम और त्रुटिरहित मतदाता सूची लोकतंत्र की नींव है। इसकी जिम्मेदारी बीएलओ के कंधों पर होती है, जिन्हें निष्पक्षता, पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ कार्य करना चाहिए। उन्होंने निर्देश दिए कि निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित समय-सीमा और दिशा-निर्देशों का पूर्णतः पालन करते हुए सभी कार्यों को गंभीरता, ईमानदारी और संवेदनशीलता के साथ सम्पन्न किया जाए।

इस अवसर पर निर्वाचन विभाग की कानूनगो ट्विंकल ठाकुर ने भी बीएलओ को विभिन्न फॉर्म भरने की प्रक्रिया, मोबाइल ऐप के उपयोग तथा नवीनतम डिजिटल प्रक्रियाओं से अवगत करवाया।

powan dhiman
Author: powan dhiman

Leave a Comment

error: Content is protected !!