अनुराग ठाकुर ने NH-03 के निर्माण कार्य की धीमी गति पर जताई नाराजगी, दिसंबर तक पूरा करने के दिए सख्त निर्देश

पवन धीमान, हमीरपुर*

पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं स्थानीय सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने निर्माणाधीन राष्ट्रीय राजमार्ग-03 की लंबित परियोजना को लेकर उच्च अधिकारियों के साथ आज समीरपुर के रेस्ट हाउस में एक महत्वपूर्ण बैठक की। इस दौरान उन्होंने हमीरपुर से मंडी तक के खराब सड़क हालात और निर्माण कार्य में हो रही देरी पर गंभीर चिंता जताई।

“दिसंबर तक पूरा हो काम, और कोई देरी बर्दाश्त नहीं”

अनुराग ठाकुर ने निर्माण एजेंसी और प्रशासनिक अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि “हमीरपुर से मंडी तक का NH-03 का कार्य दिसंबर 2025 तक पूरा किया जाए।” उन्होंने कहा कि यह परियोजना 2011-12 में शुरू हुई थी, लेकिन अब तक पूरी नहीं हो पाई है, जिससे आम जनता को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है।

वहीं स्थानीय निवासियों ने आरोप लगाया कि “जब भी आम लोग सड़क की समस्या लेकर अधिकारियों के पास जाते हैं, तो वे गंभीरता नहीं दिखाते। लेकिन जैसे ही कोई मंत्री या विधायक फोन करता है, तुरंत मौके पर पहुँच जाते हैं।” लोगों ने सवाल उठाया कि “कब तक हम इतनी खराब सड़कों पर यात्रा करते रहेंगे?”

ठाकुर ने बताया कि “हमीरपुर से पाड़छु तक के कार्य में पहले ही छह महीने की देरी हो चुकी है।” उन्होंने चिंता जताई कि सड़क की गुणवत्ता खराब है और कई स्थानों पर यह टूट चुकी है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है। इस बैठक में प्रोजेक्ट डायरेक्टर रोमी धनकर सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।

अनुराग ठाकुर ने कहा कि “सरकार का फोकस जनता की सुविधा पर है, और NH-03 का निर्माण प्राथमिकता पर पूरा किया जाएगा।” अब देखना होगा कि उनके निर्देशों के बाद अधिकारी कितनी गंभीरता से इस मामले को लेते हैं और क्या दिसंबर तक हमीरपुर-मंडी मार्ग पूरी तरह तैयार हो पाता है।

powan dhiman
Author: powan dhiman

Leave a Comment

error: Content is protected !!