हमीरपुर पवन धीमान
….. असंगठित कामगार व कर्मचारी कांग्रेस के तत्वावधान में आयोजित होने वाले रोजगार मेले को अचानक रद्द कर दिए जाने पर संगठन के अध्यक्ष व कांग्रेस नेता राजीव राणा ने अपनी ही सरकार के भीतर मौजूद कुछ नेताओं पर निशाना साधा है। राणा ने आरोप लगाया कि पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा कारणों का हवाला देकर इस मेले को आयोजित करने की अनुमति नहीं दी, जबकि इसके पीछे कुछ नेताओं की “छुपी हुई राजनीति” काम कर रही है।
*”कौन नहीं चाहता बेरोजगारों को रोजगार?”*
राजीव राणा ने कहा, “मैं उन नेताओं की शिकायत मुख्यमंत्री और कांग्रेस हाईकमान से करूँगा, जो नहीं चाहते कि कोई और कांग्रेसी नेता राजनीति में आगे बढ़े। क्या ऐसे नेताओं को बेरोजगार युवाओं की चिंता नहीं है?” उन्होंने आगे कहा कि इस मेले में मैनकाइंड, जीलेट, हैवेल्स जैसी दर्जनों बड़ी कंपनियाँ शामिल होने वाली थीं, जो 2000 से 2500 युवाओं को रोजगार दे सकती थीं।
*”सत्ता का नशा उतरेगा, युवाओं को निराश नहीं होना चाहिए”*
राणा ने सत्ता में बैठे नेताओं को चेतावनी देते हुए कहा, “जिन्हें नई सत्ता मिली है, वे भूल न जाएँ कि कल को उन्हें भी जनता के बीच आना होगा।” साथ ही, उन्होंने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि वे अपना बायोडाटा उनकी ईमेल आईडी पर भेज सकते हैं और उनका संगठन उन्हें रोजगार दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास करेगा।
