Hamirpur 21 जुलाई।
सदर थाना हमीरपुर में कानून व्यवस्था कैसे सुदृढ़ होगी,? इस थाना से प्रभारियों की लगातार हो रही ट्रांसफरों से लॉ एंड ऑर्डर कैसे मैंटेन हो सकेगा। मात्र 1 बर्ष 1 माह के में 3 रेगुलर थानेदारों के ट्रांसफर हो गए हैं और 3 कार्यकारी थाना प्रभारियों को भी यहां का जिम्मा सौंप कर कामकाज चलाया जा चुका है। अब सरकार या विभाग द्वारा किस नए थानेदार को यहां नियुक्त किया जाएगा यह सब उन पर निर्भर करता है, परन्तु कुछ अरसे तक नए थानेदार को यहां की भौगोलिक परिस्थिति, क्राइम संबधी मामलों , मुखबिरों और यहां तैनात पुलिसकर्मियों को समझना काफी चुनौती वाला विषय साबित होगा। बता दें कि हाल ही में सदर थाना के एस.एच.ओ.इंस्पेक्टर यादेश कुमार ठाकुर के ट्रांसफर ऑर्डर भी जारी हो चुके हैं। उनकी ट्रांसफर हमीरपुर से कांगड़ा में हुई है। करीब 2 दिन पहले उनके आर्डर जारी किए गए हैं। उन्हें हमीरपुर सदर थाना में बतौर प्रभारी कार्यभार संभाले हुए करीब 6 माह ही हुए हैं और उनके ट्रांसफर आर्डर किए गए हैं।
जिला की शशक्त पुलिस टीम की मुस्तैदी और मेहनत से क्राइम ग्राफ में आई गिरावट
काबिलेगौर है कि मुख्यमंत्री के गृह जिले में एस. पी. भगत सिंह ठाकुर के कुशल नेतृत्व, ए.एस.पी. राजेश उपाध्याय के बेहतरीन मार्गदर्शन और एस. एच.ओ.सदर यादेश ठाकुर की मुस्तैदी और मेहनत से सदर थाना के क्राइम ग्राफ में काफी गिरावट आई है। विशेषकर इस सशक्त पुलिस टीम ने अपनी मुस्तैदी के चलते चिट्टे माफिया पर तगड़ा प्रहार किया है। चिट्टे के पंजाब से संबंधित मुख्य सप्लायरों को भी सलाखो तक पहुंचाया है। इस टीम की मुस्तैदी से चिट्टे पर काफी हद तक अंकुश लगा है। इसके अलावा चोरी के कई मामलों को सुलझाने के साथ आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया है। यह कहना गलत नहीं होगा कि इस टीम ने सभी तरह के क्राइम पर काफी हद तक अंकुश लगाया है।
जून 2024 से सदर थाना में अब तक 3 थानेदार हो चुके ट्रांसफर, 3 कार्यकारी थानेदारों को भी दिया जा चुका है यहां का जिम्मा :
काबिले गौर है कि बर्ष 2024 के जून, जुलाई माह में सदर थाना के तत्कालीन एस.एच.ओ.हरीश गुलेरिया के डी.एस.पी. प्रमोट होने के उपरांत सदर थाना में थानेदारों (प्रभारियों) के तबादलों की झड़ी सी लग गई है। जून 2024 से मौजूदा समय जुलाई 2025 तक यानि करीब 13 महीने में ही 3 प्रभारियों के ट्रांसफर आर्डर जारी हो चुके हैं। यही नहीं इस अवधि में रेगुलर प्रभारी नहीं होने से कुछ थानेदारों को कार्यकारी प्रभारी बनाकर भी कार्य चलाया गया है। हरीश गुलेरिया के प्रोमोट होने पर इंस्पेक्टर ललित महंत, इंस्पेक्टर बाबू राम शर्मा भी बतौर रेगुलर थाना प्रभारी सेवाएं दे चुके हैं। अब दो दिन पूर्व ही मौजूदा थाना प्रभारी यादेश कुमार ठाकुर के ट्रांसफर आर्डर भी जारी हुए हैं। यह भी बता दें कि इस करीब 13 माह की अवधि में ही इंस्पेक्टर अखिलेश और इंस्पेक्टर सुनील दत्त और इंस्पेक्टर निर्मल को भी सदर थाना के कार्यकारी प्रभारी का जिम्मा दिया जा चूका है।
इसके बारे में एस. पी. भगत सिंह ठाकुर ने पुष्टि करते हुए बताया कि एस.एच. ओ. सदर यादेश ठाकुर के ट्रांसफर आर्डर जारी हुए हैं। उन्होंने बताया कि यादेश ने सदर थाना क्षेत्र में लॉ एंड आर्डर को मैंटेन करने की दिशा में बेहतर कार्य किए हैं। उनकी ट्रांसफर से कुछ हद तक कामकाज प्रभावित जरूर होगा परन्तु इसके बाबजूद जिला पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है।
