हमीरपुर – विधानसभा सुजानपुर के पांच पंचायत हमीरपुर ब्लाक से सुजानपुर ब्लॉक में नहीं जाना चाहतीं। इन पंचायतों के लोगों का कहना है कि हमीरपुर ब्लॉक इनके लिए सही है। हमीरपुर इनके लिए नजदीक है जिस कारण इनके कार्य आसानी से हो जाते हैं। ऐसे में ये पंचायतें किसी भी सूरत में सुजानपुर ब्लॉक में नहीं जाना चाहती। पहले भी कुछ लोग इस मांग का लेकर प्रशासन से मिले थे लेकिन कोई सकारात्मक कार्रवाई न होता देख सोमवार को काफी संख्या में पंचायतों पंचायतों के लोग उपायुक्त कार्यालय पहुंचे। यहां पर इन्होंने मांगपत्र एडीएम हमीरपुर को सौंपा है। इस दौरान कहा गया कि यदि इनकी मांग नहीं मानी गई तो चक्का जाम करने से भी गुरेज नहीं करेंगे।
ग्राम पंचायत कुठेड़ा, टिब्बी, देई द नौण, मझोग सुल्तानी व ख्याह पंचायत को विकासखंड सुजानपुर में शामिल करने की बात कही गई है। हालांकि ये पंचायत ब्लॉक हमीरपुर में ही रहना चाहती हैं। इस दौरान बताया गया कि ग्राम पंचायत कुठेड़ा की सीमा से हमीरपुर के लिए 10 रुपए किराया लगता है। मात्र दस रुपए में हमीरपुर पहुंचकर ब्लॉक में अपने कार्य करवा सकते हैं। विकास खंड बदलने से इन्हें समस्याओं का सामना करना पड़ेगा। सुजानपुर ब्लॉक में कार्य करवाने के लिए पहुंचने में 50 रुपए लगेंगे तथा काम करवाने में सारा दिन निकल जाएगा। इसके साथ ही अन्य समस्याओं का भी सामना करना पड़ेगा। इसलिए पांचों पंचायतों के ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि पंचायतों को हमीरपुर ब्लॉक में ही रखा जाए। यहां पर ही इनकी सहूलियत है।
