जिला मुख्यालय के नजदीक निर्माणाधीन बस स्टैंड के पास सड़क की हालत खराब होने से यातायात व्यवस्था चरमरा गई है। लोक निर्माण विभाग द्वारा सड़क किनारे की गई अत्यधिक कटिंग से न केवल सड़क बीच में गहरी दरारें आ गई हैं, बल्कि सीवरेज की पाइप भी टूट गई है, जिससे छोटे और बड़े वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
सड़क टूटने से खतरा बढ़ा
स्थानीय निवासियों का कहना है कि निर्माण कार्य कर रही कंपनी द्वारा सड़क किनारे अंधाधुंध कटिंग की गई है, जिससे सड़क का एक हिस्सा धंसने लगा है। कल रात एक भारी ट्रक के गुजरने के बाद सड़क का एक बड़ा हिस्सा और टूट गया, जिससे दुर्घटना का खतरा बढ़ गया है। वहीं, दूसरी ओर कटिंग के कारण हरे-भरे पेड़ों को भी नुकसान पहुंच रहा है, जिससे भूस्खलन का भी खतरा मंडरा रहा है।
*ट्रांसपोर्टर्स पर पड़ रहा अलग आर्थिक बोझ*
इस स्थिति के चलते बस चालकों को हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी से होकर लंबा रास्ता तय करना पड़ रहा है, जिससे उनका समय और ईंधन दोनों बर्बाद हो रहा है। हमीरपुर बस यूनियन के प्रधान विजय ठाकुर ने बताया कि प्रतिदिन एक बस को 16 किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर लगाना पड़ता है, जिससे प्रत्येक चालक को 500-600 रुपये का नुकसान हो रहा है।
वहीं लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने सड़क की मरम्मत का आश्वासन दिया है, लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से तुरंत कार्यवाही की मांग की है, ताकि दुर्घटनाओं को रोका जा सके और यातायात सुचारू रूप से चल सके।
