विकास पर चर्चा के जरिये कार्यकर्ताओं से लिया फीडबैक नादौन प्रभारी अजय शर्मा ने ब्लॉक स्तरीय बैठक कर जानी राय

नादौन विधानसभा क्षेत्र में हो रहे विकास कार्यों पर मंगलवार को गीता भवन में चर्चा हुई। विकास पर चर्चा प्रभारी एवं हमीरपुर जिला के एपीएमसी चेयरमैन अजय शर्मा ने बैठक की अध्यक्षता की। उन्होंने विकास कार्यों पर चर्चा कर कार्यकर्ताओं से जमीनी स्तर का फीडबैक लिया। ब्लॉक स्तर की इस बैठक में सबकी राय जानी गई। अब अजय शर्मा नादौन ब्लॉक की सभी पंचायतों में बूथ स्तर पर जाकर बैठकें कर बूथ कमेटियों और कार्यकर्ताओं के साथ संवाद करेंगे। 

अजय शर्मा ने बैठक में विकास कार्यों के संबंध में पूर्व पदाधिकारियों के विचार भी सुने। इसकी रिपोर्ट वह मुख्यमंत्री को सौंपेंगे। साथ ही वरिष्ठ कांग्रेसियों व कार्यकर्ताओं की भावनाओं से अवगत करवाएंगे। उन्होंने बैठक में कहा कि नादौन विधानसभा क्षेत्र विकास के मामले में नई इबारत लिख रहा है। पहली बार निचले हिमाचल से कांग्रेस सरकार में मुख्यमंत्री बना है, और वह नादौन से ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू जी हैं। नादौन विधानसभा क्षेत्र के साथ ही यह हमीरपुर जिला के लिए भी गौरव की बात है। इस छोटे से जिले ने प्रदेश को दो मुख्यमंत्री दिए हैं, ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू जी लंबे संघर्ष के बाद मुख्यमंत्री की कुर्सी पर पहुंचे हैं। वह किसान परिवार से हैं और आम व गरीब आम आदमी की जरूरतों को बखूबी समझते हैं।

अजय शर्मा ने कहा कि जोलसप्पड़ में मेडिकल कॉलेज मुख्यमंत्री जी की देन हैं। नादौन के खरीड़ी मैदान में अंतरराष्ट्रीय स्तर का इंडोर स्टेडियम बन रहा है, यह जल्दी मूर्तरूप ले लेगा। इसमें क्षेत्र के होनहार बच्चे अनेक खेलें खेलेंगे। टूरिज्म का पांच सितारा होटल, जल शक्ति विभाग का सर्किट हाउस, धनेटा कॉलेज का नया भवन, आरओ वाले पेयजल की योजना बनकर तैयार होने वाले हैं। क्षेत्र की सड़कों का चौड़ीकरण प्रगति पर है। बड़ा पंचायत के दरियाल गांव में सधोडा पत्तन पर 28 करोड़ की लागत से ज्वालामुखी विधानसभा क्षेत्र के लिए पुल बनेगा। यह सिल्ह पंचायत से बड़ा व आसपास की पंचायतों को जोड़ेगा। इसके लिए प्लानिंग विभाग से 8 करोड़ रुपये जारी हो चुके हैं। सपडोह पंचायत के धनपुर में सरकार ने अपने संसाधनों से स्पाइस पार्क बनाने की घोषणा बजट में की है। जल्दी इसका कार्य शुरू हो जाएगा। विधानसभा क्षेत्र का पहला डे-बोर्डिंग स्कूल अमलैहड़ में निर्माणाधीन है, अगले सत्र से इसमें कक्षाएं शुरू हो जाएंगी। नादौन के इंद्रपाल चौक का सौंदर्यीकरण किया गया है। मुख्यमंत्री जल्दी इसका उद्घाटन करेंगे। नादौन में रिवर राफ्टिंग मुख्यमंत्री जी के निर्देशों पर ही हो रही है, उनका सपना वाटर स्पोर्ट्स शुरू करने का भी है, जिसे वह साकार करने में लगे हुए हैं। विधानसभा क्षेत्र में हर तरफ चहुँमुखी विकास हो रहा है।

शर्मा ने कहा कि नादौन की जनता मुख्यमंत्री जी की असली ताकत है। क्षेत्र के लोगों को ठाकुर सुखविन्द्र सिंह के हाथ और मजबूत करने हैं, इसलिये सभी को एकजुट होकर नादौन विधानसभा क्षेत्र के विकास में योगदान देना है। इसलिए कार्यकर्ता अपने-अपने बूथ की समस्याओं को प्रमुखता से मुख्यमंत्री तक पहुंचाएं। विकास कार्यों के लिए मुख्यमंत्री सदैव तत्पर हैं। बैठक में हिमाचल प्रदेश पिछड़ा वर्ग वित्त एवं विकास निगम के वाइस चेयरमैन डॉ मोहन लाल, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष कैप्टन पृथ्वी चंद, नगर परिषद अध्यक्ष शम्मी सोनी, ओबीसी नेता रविंद्र गद्दी,

पूर्व मनोनीत निदेशक मोती जोशी, एपीएमसी मेम्बर रमेश, संतोष कुमार, संतोष संधू, कमल कम्मी, रीना कुमारी, बीडीसी सदस्य सीमा, चौधरी धर्मपाल, कैप्टन सुनील दत्त, मोंटी संधु, अशोक संधु, शशि शर्मा, अनित, राजीव कौशल, अजय अत्री, तिलक राज, नसीब लोकू, मनोहर लाल, काजल, इत्यादि मौजूद रहे।

powan dhiman
Author: powan dhiman

error: Content is protected !!