विधायक सुरेश कुमार ने अधिकारियों से ली नुक्सान की रिपोर्ट आपदा प्रभावित परिवारों की तत्काल मदद के दिए निर्देश

 विधायक सुरेश कुमार ने वीरवार को यहां मिनी सचिवालय के सम्मेलन कक्ष में उपमंडल स्तर के अधिकारियों के साथ बैठक करके मॉनसून सीजन के दौरान भोरंज में हुए नुक्सान की रिपोर्ट ली और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

उन्होंने कहा कि भोरंज उपमंडल में भारी बारिश से हालांकि, कोई बड़ी आपदा तो नहीं आई है, लेकिन कई लोगों के मकानों, गौशालाओं और डंगों तथा सार्वजनिक संपत्ति को काफी क्षति पहुंची है। इससे प्रभावित परिवारों को तुरंत सहायता प्रदान की जानी चाहिए तथा सभी आवश्यक सेवाओं जैसे-बिजली, पानी और सड़क इत्यादि को बहाल करने में भी कोई विलंब नहीं होना चाहिए।
विधायक ने कहा कि मॉनसून सीजन आरंभ होने से पहले भी उन्होंने उपमंडल स्तर के अधिकारियों के साथ बैठक करके आवश्यक तैयारियों की समीक्षा की थी, ताकि किसी भी तरह की आपात परिस्थिति से सुनियोजित एवं प्रभावी ढंग से निपटा जा सके। मॉनसून सीजन के दौरान अधिकारियों और फील्ड कर्मचारियों के कार्यों पर संतोष व्यक्त करते हुए विधायक ने कहा कि आने वाले समय के लिए भी सभी अधिकारी-कर्मचारी तैयार रहें और कहीं पर भी कोई आपात परिस्थिति उत्पन्न होती है तो त्वरित कदम उठाएं। पटवारी, पंचायत सचिव और अन्य फील्ड कर्मचारी हर नुक्सान की रिपोर्ट प्रेषित करें, ताकि प्रभावित परिवारों की अधिक से अधिक मदद की जा सके।
बैठक में एसडीएम शशिपाल शर्मा ने मॉनसून सीजन के दौरान अभी तक हुए नुक्सान का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत किया। लोक निर्माण विभाग, जल शक्ति विभाग, बिजली बोर्ड और अन्य विभागों के अधिकारियों ने भी रिपोर्ट प्रस्तुत की।
इस अवसर पर डीएसपी लालमन शर्मा, बीडीओ कुलवंत सिंह, बीएमओ डॉ. ललित कालिया, लोक निर्माण विभाग, जल शक्ति विभाग और बिजली बोर्ड के अधिशाषी अभियंता, अन्य विभागों के अधिकारी तथा विधायक के मीडिया समन्वयक चंदन ठाकुर भी उपस्थित थे।

powan dhiman
Author: powan dhiman

error: Content is protected !!