ऑपरेशन “गन डाउन” – सोशल मीडिया पर हथियारों के प्रदर्शन के विरुद्ध बद्दी पुलिस की सख्त कार्रवाई

बीबीएन 7 सितंबर कविता गौतम

एस पी विनोद धीमान ने पत्रकार वार्ता में बताया कि बद्दी पुलिस द्वारा दिनांक रविवार को एक विशेष अभियान “ऑपरेशन गन डाउन” चलाया गया, जिसका उद्देश्य सोशल मीडिया पर अवैध रूप से हथियारों का प्रदर्शन करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करना था। ऐसे कई मामलों में पाया गया कि कुछ व्यक्ति सोशल मीडिया अकाउंट्स पर पिस्टल, रिवाल्वर और राइफल के साथ अपनी फोटो और वीडियो अपलोड कर रहे थे, इस प्रकार की पोस्टों से न केवल आम जनता में भय का वातावरण बनता है, बल्कि युवाओं को अपराध की ओर उकसाया जाता है और समाज में गन कल्चर को बढ़ावा मिलता है।

अभियान के दौरान पुलिस ने मानपुरा व नालागढ़ में दो-दो तथा बद्दी में एक मामला, कुल 5 मामले आर्म्स एक्ट 2016 के अधीन दर्ज किए, जिनमें 9 व्यक्तियों को पूछताछ की गई है।

बद्दी पुलिस द्वारा कई क्षेत्रों में एक साथ छापेमारी की गई। छापेमारी के दौरान पुलिस ने विभिन्न स्थानों से हथियारों को भी जब्त किया है, जिनका प्रयोग आरोपियों द्वारा फोटो व वीडियो बनाने में किया गया था। इसके अतिरिक्त, कुछ मामलों में यह भी सामने आया कि कुछ व्यक्तियों ने अपने हथियारों को दूसरों को इस्तेमाल करने दिया, जो आर्म्स एक्ट 2016 के नियमों का स्पष्ट उल्लंघन है। तलाशी में 3 राइफलें 12 और 30.0 बोर, 2 पिस्टल 44 व 33 बोर तथा प्रयुक्त 8 कारतूस भी बरामद किए गए हैं।

 

एस पी विनोद धीमान ने बताया कि मुकदमों में अब तक गिरफ्तार युवाओं में नमन कुमार पुत्र विनोद कुमार नालागढ़, रविन्द्र सिंह उर्फ पिन्दी पुत्र प्रधुम्न सिंह निवासी गांव टिक्करी, डाकघर खिलियां, भुपिन्द्र सिंह पुत्र धर्म सिंह निवासी गांव टिक्करी, शिवदत्त पुत्र चमन लाल निवासी गांव किशनपुरा,गुरुदेव उर्फ गौतम पुत्र जगन्नाथ निवासी गांव डबालमाजरा,अरशद मोहम्मद उर्फ अच्छर पुत्र गुलजार मोहम्मद निवासी कसम्वोवाल शामिल हैं।

बताया कि साइबर सेल बद्दी ने इन सोशल मीडिया अकाउंट्स की प्रोफाइलिंग की, जिससे आरोपियों की पहचान सुनिश्चित की गई और कानूनी कार्रवाई की गई। यह संपूर्ण प्रक्रिया अब भी प्रगति पर है और 4-5 अन्य व्यक्तियों से पूछताछ की जा रही है और जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ेगी, उसी अनुसार आगामी जानकारियाँ और बरामदगियाँ साझा की जाएंगी। एस पी ने दावा किया कि बद्दी पुलिस समाज में भयमुक्त वातावरण बनाए रखने और युवाओं को अपराध के दुष्प्रभाव से बचाने हेतु प्रतिबद्ध है।

powan dhiman
Author: powan dhiman

error: Content is protected !!