प्रदेश सरकार का आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग जिला के चयनित गांवों व वार्डों में करेगा सर्वेक्षण, उपायुक्त ने नागरिकों से की सहयोग की अपील

प्रदेश सरकार का आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग जिला के चयनित गांवों व वार्डों में करेगा सर्वेक्षण, उपायुक्त ने नागरिकों से की सहयोग की अपील

प्रदेश सरकार के आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग द्वारा मंडी जिला में आर्थिक एवं सामाजिक पहलुओं पर सर्वेक्षण का कार्य किया जाना है। इसके लिए जिला मंडी में आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग के प्रगणकों को तैनात किया गया है।
उपायुक्त अपूर्व देवगन ने बताया कि आर्थिक एवं सांख्यकी विभाग द्वारा सामाजिक एवं कार्यान्वयन मंत्रालय भारत सरकार के सहयोग से राज्य में विभिन्न सामाजिक-आर्थिक संकेतकों पर राष्ट्रीय नमूना सर्वेक्षण का क्षेत्रीय कार्य किया जाता है। सर्वेक्षण के माध्यम से एकत्रित आंकड़ों से योजना निर्माण में मदद मिलती है और सरकार की विभिन्न नीतियों के कार्यान्वयन के लिए दिशा मिलती है।
सर्वेक्षण के दौरान जिला सांख्यिकी कार्यालय मंडी के प्रगणकों द्वारा जिला के चयनित गांवों व वार्डों में घर-घर जाकर सूचना टैब एप्लीकेशन के माध्यम से एकत्रित की जाएगी। उपायुक्त ने सभी नागरिकों से आग्रह किया है कि वे इन कर्मचारियों के साथ सहयोग करें तथा उन्हें सही, सटीक व वास्तविक जानकारी प्रदान करें। उन्होंने कहा कि सर्वेक्षण के माध्यम से एकत्रित जानकारी से जिले में लोगों की सामाजिक आर्थिक स्थिति का आकलन करने में मदद मिलेगी। साथ ही यह जानकारी लोगों के जीवन स्तर में सुधार की दिशा में सरकार की विकास योजनाओं में सहायक सिद्ध होगी। उन्होंने आश्वस्त किया कि नागरिकों की ओर से प्रदान की गई जानकारी गोपनीय रखी जाएगी।
उन्होंने जिला मंडी के सभी नागरिकों, सरकारी अधिकारियों व कर्मचारियों से अपील की है कि वे अपने क्षेत्र में सरकार द्वारा नियुक्त क्षेत्रीय कर्मचारियों को सर्वेक्षण में पूर्ण सहयोग दें ताकि जिले में क्षेत्रीय कार्य को उत्कृष्ट एवं सर्वोत्तम गुणवत्ता के साथ पूरा किया जा सके।
powan dhiman
Author: powan dhiman

error: Content is protected !!