हमीरपुर : हमीरपुर विधानसभा क्षेत्र के लंबलू मैदान में हिमाचल योगासन स्पोर्ट्स जिला हमीरपुर द्वारा आयोजित अस्मिता वुमेन सिटी लीग और महिला सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने योग को विश्व स्तर पर स्थापित करने और मातृशक्ति सशक्तिकरण के लिए अभूतपूर्व कार्य किए हैं।
उनकी पहल पर 21 जून को संयुक्त राष्ट्र द्वारा अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस घोषित किया गया, जिसे 177 देशों का समर्थन मिला। योग को इंडियन ओलंपिक एसोसिएशन की मान्यता दिलाई गई, जिससे लाखों युवाओं को खेलों की दिशा में प्रेरणा मिली।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम के माध्यम से 33% आरक्षण का मार्ग प्रशस्त किया, एफपीओ और लखपति दीदी योजना जैसी पहलों से करोड़ों महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाया।
जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार झूठी गारंटियों से नहीं, बल्कि सच्ची नीयत से चलती है।
हमने बिना किसी गारंटी के बुजुर्गों की पेंशन बढ़ाई, महिलाओं को बसों में 50% किराए की छूट दी, गृहिणी सुविधा योजना, स्वावलंबन योजना, शगुन योजना, कन्यादान योजना और हिम केयर योजना जैसी दर्जनों योजनाएं शुरू कीं।
उन्होंने कहा कि सुक्खू सरकार ने हमारी अधिकांश योजनाएं बंद कर दी हैं और अब देशभर में जाकर झूठे दावे कर रही है।
उन्होंने जनसभा में पूछा — “क्या ₹1500 महिलाओं को मिल रहे हैं?” — भीड़ ने एक स्वर में “नहीं” कहा।
उन्होंने कहा कि बिहार के एग्जिट पोल नतीजों से भी जनता का जवाब साफ दिखाई दे रहा है।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है। पिछले एक महीने में हमीरपुर में हुई दो जघन्य घटनाओं ने पूरे प्रदेश को हिला दिया है।
प्रदेश में नशा और अपराध बढ़ रहे हैं, माफिया खुलेआम सक्रिय हैं।
यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि यह घटनाएं मुख्यमंत्री के गृह जिले में हो रही हैं।
भाजपा 1 दिसंबर को विधानसभा का घेराव करेगी और सरकार से कानून-व्यवस्था पर जवाब मांगेगी।
उन्होंने कहा कि इतने पवित्र भावना से किए जा रहे इस महिला सम्मान कार्यक्रम को भी सरकार ने राजनीतिक दृष्टि से देखा और आयोजन की परमिशन रोकने की कोशिश की।
मुख्यमंत्री को इस प्रयास की सराहना करनी चाहिए थी, लेकिन उनके अधिकारी इसे बाधित करने में लगे रहे।
आज राजनीतिक द्वेष के चलते सरकार हमीरपुर के विधायक आशीष शर्मा और उनके परिवार पर झूठे मुकदमे दर्ज कर रही है, जो निंदनीय है।
जयराम ठाकुर ने कहा कि वह हमीरपुर की जनता के स्नेह और सम्मान से अभिभूत हैं।
उन्होंने कार्यक्रम की आयोजक स्वाति ज़ार शर्मा को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं और कहा कि वह समाज सेवा और महिला सशक्तिकरण के कार्यों को इसी जोश के साथ आगे बढ़ाती रहें।
उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “नारी शक्ति – सशक्त भारत” मिशन को आगे बढ़ाने का सशक्त उदाहरण है।
हमीरपुर विधायक आशीष शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री के गृह जिले में ही संस्थानों को डीनोटिफाई किया गया है। अधीनस्थ चयन बोर्ड पुनः शुरू होने के बावजूद सरकार भर्ती नहीं कर पा रही।
पूर्व सरकार की अधिकांश योजनाएं बंद या उनके फंड रोक दिए गए हैं।
उन्होंने कहा कि मैं झूठे मुकदमों से नहीं डरता। हमीरपुर मेरे परिवार की तरह है और मैं इसे आदर्श विधानसभा क्षेत्र बनाकर रहूंगा।
मैंने अब तक अपनी पूरी वेतन जनता की सेवा के लिए समर्पित की है।
पूर्व विधायक एवं भाजपा के वरिष्ठ प्रवक्ता राजेंद्र राणा ने कहा कि आशीष शर्मा कोई पारंपरिक राजनेता नहीं बल्कि सच्चे समाजसेवी हैं।
उन्होंने स्वाति शर्मा को महिलाओं और योग के क्षेत्र में उनके कार्यों के लिए बधाई दी।
उन्होंने कहा कि सरकार दबाव डाल रही है क्योंकि उपचुनाव में जनता ने आशीष शर्मा को भारी समर्थन दिया था।
प्रदेश में “हिमाचल ऑन सेल” जैसी स्थिति है, सरकार उद्योगपतियों को लाभ पहुंचाने के लिए नियम बदल रही है।
राज्य में अघोषित आर्थिक आपातकाल जैसी स्थिति है और विकास कार्य ठप पड़े हैं।
बारसर विधायक इंद्रदत्त लखनपाल ने कहा कि मुख्यमंत्री खुद हमीरपुर से हैं, फिर भी उन्होंने विकास के बजाय संस्थानों को बंद करने का काम किया है।
कांग्रेस की 10 गारंटियों में से एक भी पूरी नहीं हुई।
कांग्रेस बिहार में भी जनता को झूठी गारंटियों से भ्रमित करने की कोशिश कर रही है, लेकिन वहां भी एनडीए ही सरकार बनाएगा।
कार्यक्रम का संचालन स्वाति ज़ार शर्मा ने किया और सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वह महिला सशक्तिकरण और सामाजिक उत्थान के कार्य को आगे भी जारी रखेंगी।
इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के साथ बड़सर विधायक इंद्रदत्त लखनपाल, हमीरपुर विधायक आशीष शर्मा, सुजानपुर के पूर्व विधायक राजेंद्र राणा, नादौन के पूर्व प्रत्याशी विजय अग्निहोत्री, भोरंज के प्रत्याशी डॉ. अनिल धीमान, पूर्व महिला मोर्चा अध्यक्ष वंदना योगी, महिला मोर्चा अध्यक्ष अर्चना चौहान सहित अन्य पदाधिकारी और भारी संख्या में लोग उपस्थित रहे।
