हमीरपुर के सिंघम बने सदर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर कुलवंत राणा फिल्मी स्टाइल में तस्कर ने थाना प्रभारी पर चढ़ाई गाड़ी, जवाब में पुलिस की गोली से टायर हुआ पंक्चर

पवन धीमान,

हमीरपुर के एसपी भगत सिंह ठाकुर के नेतृत्व में सदर थाना में तैनात थाना प्रभारी इंस्पेक्टर कुलवंत सिंह राणा ने शहर में लॉ एंड ऑर्डर मेंटेन करने के लिए पूरी ताकत झोंक दी है। वही वीरवार को एक नाकेबंदी के दौरान टैक्सी चालक ने उन पर गाड़ी चढ़ाने का प्रयास किया। एक सामान्य नाकेबंदी का काम जानलेवा मुठभेड़ में बदल गया, जब एक तस्कर ने थाना सदर के प्रभारी पर सीधे फिल्मी स्टाइल मे अपनी गाड़ी चढ़ाकर उन्हें कुचलने का पागलपूर्ण प्रयास किया। खतरे की इस घड़ी में थाना प्रभारी कुलवंत राणा ने अदम्य साहस दिखाते हुए जवाबी कार्रवाई करते हुए गाड़ी पर गोली चलाई, जिससे अपराधी की गाड़ी का टायर पंक्चर हो गया। इस हमले में थाना प्रभारी के पैर में फ्रैक्चर की चोट आई है, परंतु थाना प्रभारी कुलवंत सिंह ने कुछ ही देर बाद थाने में ड्यूटी संभाल ली। हालांकि डॉक्टर द्वारा उन्हें एक हफ्ते की रेस्ट करने बारे कहा गया था

पुलिस अधीक्षक भगत सिंह ठाकुर ने बताया कि पुलिस को रात्रि में ही एक विश्वसनीय सूचना मिली थी कि एक तस्कर नशीला पदार्थ लेकर हमीरपुर क्षेत्र में आ रहा है और उसे यहीं बेचने की योजना बना रहा है। इस सूचना के आधार पर, थाना सदर की पुलिस टीम ने सुबह लगभग साढ़े छह बजे दुगनेहड़ी-नाल्टी सड़क पर चुपचाप नाका लगा दिया।

लगभग आठ बजे जब संदिग्ध गाड़ी वहां पहुंची, तो पुलिस ने उसे रोकने का संकेत दिया। लेकिन आरोपी ने गाड़ी रोकने के बजाय, सीधे थाना प्रभारी कुलवंत राणा पर अपनी गाड़ी तेजी से चढ़ा दी। अपनी जान को खतरे में देखकर थाना प्रभारी ने सूझबूझ का परिचय देते हुए, गाड़ी को रोकने के लिए हवाई फायरिंग के बजाय सीधे उसके टायर पर निशाना साधकर गोली चलाई। इससे गाड़ी का टायर पंक्चर हो गया, लेकिन आरोपी गाड़ी को लेकर मौके से फरार होने में सफल रहा। पुलिस ने घटना में शामिल गाड़ी और उसके मालिक की पहचान कर ली है। गाड़ी हिमाचल प्रदेश पंजीकृत है और उसका मालिक भोरंज विधानसभा क्षेत्र के लगमनवी गाँव का रहने वाला है। हैरानी की बात यह है कि इस गाड़ी के मालिक पर पहले से ही नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस एक्ट (एनडीपीएस एक्ट) के तहत एक मामला दर्ज है। एसपी भगत ठाकुर ने पुष्टि की कि गाड़ी के मालिक का पहले भी नशीले पदार्थों के कारोबार में शामिल होने का रिकॉर्ड रहा है।

चोटिल हुए थाना प्रभारी, जारी है ताबड़तोड़ छानबीन

इस हमले में थाना प्रभारी कुलवंत सिंह के पैर में फ्रैक्चर की गंभीर चोट आई है। उनका इलाज चल रहा है। माना जा रहा है कि गाड़ी में दो लोग सवार थे, जो दोनों ही मौके से फरार हो गए। पुलिस ने आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी और जनता से सुराग लेने की कार्रवाई तेज कर दी है। बताया जा रहा है कि कार में एक महिला भी सवार थी।

यह घटना हमीरपुर में नशीले पदार्थों की तस्करी से जुड़े अपराधियों के बढ़ते दुस्साहस को उजागर करती है, साथ ही पुलिस की इसके खिलाफ दृढ़ता को भी दर्शाती है। पुलिस का कहना है कि आरोपी जितनी जल्दी होगा, कानून के शिकंजे में कस लिया जाएगा।

मामले की पुष्टि एडिशनल एसपी राजेश उपाध्याय ने की है, उन्होंने बताया कि बी एन एस. की धारा 109 के तहत मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने नाकाबंदी कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्षय जुटाए हैं । जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

powan dhiman
Author: powan dhiman

error: Content is protected !!