सदर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर कुलवंत सिंह जिन्हे लोग हमीरपुर के सिंघम के नाम से जान रहे हैं, उनपर गाडी चढ़ाने के प्रयास करने वाले टैक्सी ड्राइवर को पुलिस ने वीरवार देर रात गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की है। वही इस वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी को कोर्ट द्वारा 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजने के आदेश जारी हुए हैं। सूत्र बताते हैं कि पुलिस ने कोर्ट से इस मुख्य आरोपी को 5 दिन के पुलिस रिमांड पर भेजे जाने की अर्जी लगाई थी, परंतु माननीय कोर्ट ने इस अर्जी को अस्वीकार करते हुए आरोपी को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक वीरवार सुबह दुगनेहडी के पास हुई इस घटना को अंजाम देने वाले टैक्सी ड्राइवर (आरोपी)रशिक पुत्र दिनेश कुमार निवासी गांव लाहलड़ी डाकघर डुग्गा जिला हमीरपुर को वीरवार देर रात को उसके घर से गिरफ्तार किया गया है। पुलिस को सूत्रों से सूचना मिली थी कि आरोपी रात को घर पहुंचा है। इस बीच आरोपी को उसके घर से गिरफ्तार किया गया।
सूत्रों के मुताबिक पुलिस ने शुक्रवार शाम को टैक्सी मे आरोपी टैक्सी चालक समेत सवार अन्य लोगों को भी डिटेन कर मैडीकल करवाया है। वहीं
इस जांबाज पुलिस अधिकारी कुलवंत सिंह के साहस और कार्य प्रणाली की स्थानीय लोगों, सोशल मीडिया, इलेक्ट्रॉनिक और प्रिंट मीडिया में हर जगह तारीफ की जा रही है।
मामले की पुष्टि एडिशनल एस.पी. राजेश उपाध्याय ने की है। उन्होंने बताया कि इस मामले के आरोपी रशीक पुत्र दिनेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है। माननीय कोर्ट ने आरोपी को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजने के आदेश जारी किए हैं। उन्होंने बताया कि कार में सवार अन्य अभियुक्तों को भी आईडेंटिफाई कर डिटेन किया गया है। उनके मैडीकल और अन्य औपचारिकताएं की जा रहीं हैं।
