हमीरपुर
ऑस्ट्रेलिया आर्मी में बतौर लेफ्टिनेंट सेवाएं देने वाले ग्राम पंचायत सौर के गांव मनसुई निवासी सुमित ठाकुर से मिलकर उन्हें देश का नाम रोशन करने के लिए बधाई दी गई। इस अवसर पर जनसेवक एवं उखली पंचायत के उप प्रधान सुशील ठाकुर सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे। सुमित ठाकुर ने कुछ समय पहले ही ऑस्ट्रेलिया की आर्मी में लेफ्टिनेंट का पद प्राप्त किया है। उनकी इस उपलब्धि से हमीरपुर जिला सहित हिमाचल प्रदेश और देश का नाम रोशन हुआ है। वर्तमान में वह घर आए हुए हैं तथा उन्हें उनके घर पर ही राष्ट्रीय ध्वज देकर उनका सम्मान किया गया। इस अवसर पर सुशील ठाकुर ने कहा कि लेफ्टिनेंट सुमित ठाकुर की यह उपलब्धि युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है। अच्छी शिक्षा प्राप्ति और लग्न से की हुई मेहनत से कोई भी मुकाम हासिल किया जा सकता है।
बता दें की सुमित ठाकुर पुत्र सुनील कुमार की प्रारंभिक शिक्षा तीसरी कक्षा तक डीएवी स्कूल हमीरपुर में हुई है। उसके उपरांत यह परिवार ऑस्ट्रेलिया चला गया। आगे की स्कूली पढ़ाई सुमित ठाकुर ने सिडनी से प्राप्त की है। स्कूली शिक्षा प्राप्त करने के उपरांत उन्होंने मेलबर्न स्थित मोनाश यूनिवर्सिटी से बैचलर ऑफ मेकाट्रॉनिक्स इंजीनियर की डिग्री हासिल की। उनकी शैक्षिक सफलताएं और राष्ट्र सेवा के प्रति समर्पण भाव ने उन्हें ऑस्ट्रेलिया आर्मी में अधिकारी बनने के पद पर अग्रसर किया। उनका विदेशी सेवा में बतौर लेफ्टिनेंट तैनात होना पहाड़ी राज्य हिमाचल प्रदेश के लिए अत्यंत गौरव की बात है। सुशील ठाकुर ने कहा कि सुमित ठाकुर कि यह उपलब्धि युवा पीढ़ी को जीवन में सही दिशा पर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करने का काम करेगी। उन्होंने सुमित ठाकुर तथा उनके परिजनों को इस उपलब्धि के लिए शुभकामनाएं दी।
