नशीले पदार्थों के कारोबार पर अंकुश कसने की कार्रवाई में पुलिस ने शुक्रवार को एक बड़ी सफलता हासिल की है। मटन सिद्ध स्थित एक रेस्तरां के होटल से शुरू हुई यह कार्रवाई हमीरपुर के एक बैंक तक जा पहुंची, जहां एक बैंक कर्मचारी भी नशे के दलदल में धंसा मिला। इस अभियान में अब तक चार युवक गिरफ्तार किए गए हैं और ‘चिट्टा’ सहित काफी मात्रा में नशीला पदार्थ बरामद किया गया है।
पुलिस को मिली गोपनीय सूचना के आधार पर छापेमारी करते हुए सबसे पहले मटन सिद्ध के एक निजी रेस्तरां के एक कमरे से तीन युवकों को धर दबोचा। गिरफ्तार किए गए आरोपियों के नाम पारस पुत्र परमजीत 25 वर्ष, पृथ्वी नगर, जालंधर अंकुश शर्मा पुत्र अमरनाथ (गांव नगू, नादौन) और रोहित कुमार पुत्र अजय कुमार (29 वर्ष, सेंटर टाउन, जालंधर) हैं। इनसे 6.38 ग्राम चिट्टा और 26,200 रुपये नकद बरामद हुए। पुलिस ने इनके खिलाफ नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस एक्ट की धारा 29, 61, 85 के तहत मामला दर्ज किया 

बैंक कर्मचारी निकला डीलर
पूछताछ के दौरान पकड़े गए युवकों ने पुलिस को एक चौंकाने वाली जानकारी दी। उन्होंने बताया कि उन्होंने हमीरपुर के बॉयज स्कूल के पास स्टेट बैंक ऑफ इंडिया में कार्यरत एक व्यक्ति गगनदीप को भी नशीला पदार्थ बेचा था। इस सुराग के आधार पर पुलिस टीम सीधे बैंक पहुंची और गगनदीप को बाहर बुलाकर उसकी तलाशी ली। तलाशी में उसके पास से 6.84 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। बैंक की नौकरी के दौरान ही नशा बेचने के आरोप में गगनदीप के खिलाफ भी नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस एक्ट की धारा 21, 61, 85 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया।
तीसरे मामले में इंजेक्शन के साथ धरा युवक
इससे अलग, हमीरपुर में ही एक अन्य मामले में पुलिस ने सूर्यांश पुत्र राकेश कुमार जो की हमीरपुर के प्रताप गली, वार्ड नंबर-4 को नशे के नशे में धुत पकड़ा। उसके पास से 5.7 ग्राम चिट्टा और एक इंजेक्शन व सुई बरामद हुई है। उसके खिलाफ भी नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस एक्ट की समान धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है।
सभी आरोपियों से पूछताछ जारी है। पुलिस का मानना है कि इस कार्रवाई से नशीले पदार्थों की एक सप्लाई चेन को करारा झटका लगा है। आरोपियों के संपर्कों और नेटवर्क का पता लगाने के लिए जांच और तेज कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि नशे के इस अभिशाप के खिलाफ उनकी मुहिम जारी रहेगी और किसी भी स्तर के डीलर या आपूर्तिकर्ता को बख्शा नहीं जाएगा।
