डेंटल कॉलेज के पास निर्माणाधीन दीवार ढही, एक मजदूर की दबकर मौत; तीन बाल-बाल बचे

सुन्दरनगर, 8 दिसंबर :

सुंदरनगर के डेंटल कॉलेज के समीप रविवार को एक निर्माणाधीन मकान की दीवार अचानक ढह गई, जिससे वहां कार्यरत एक मजदूर मलबे में दब गया और उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग बड़ी संख्या में मौके पर एकत्रित हो गए और बचाव कार्य में सहयोग किया। सूचना पर डीएसपी भारत भूषण एवं थाना प्रभारी कमलकांत पुलिस दल सहित मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू अभियान चलाया। मलबे में दबे मजदूर को निकालकर सिविल अस्पताल सुंदरनगर पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

जानकारी के अनुसार जिस मकान में निर्माणकार्य चल रहा था वह योगेश्वरी देवी पत्नी सुरेश कुमार, वार्ड नंबर-4, मकान संख्या 339A/4, गांव सलाह, डाकघर भोजपुर, तहसील सुंदरनगर, जिला मंडी (हिमाचल प्रदेश) का है। मकान के डंगे का निर्माण कार्य चल रहा था, जिसमें चार मजदूर कार्यरत थे, पर दीवार गिरते समय तीन मजदूर मलबे को गिरता देख पीछे हट गए, जबकि चौथा मजदूर संजू पुत्र छोटे लाल निवासी गांव डलवा रूहिदा, डाकघर जगत, तहसील व जिला बदायूं (उत्तर प्रदेश), उम्र 30 वर्ष मलबे के नीचे दब गया और उसकी मौत हो गई। डीएसपी भारत भूषण ने बताया कि मृतक का पोस्टमार्टम मंगलवार 09 दिसंबर 2025 को करवाया जाएगा। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।घटना ने क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ा दी है और निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों को लेकर सवाल भी खड़े किए हैं।

powan dhiman
Author: powan dhiman

error: Content is protected !!