पुलिस ने एक व्यक्ति को जानबूझकर धक्का देकर सीढ़ियों से गिराने के गंभीर आरोप में मामला दर्ज किया है। यह घटना भोरंज थाना क्षेत्र के गांव चन्द्रवाड की है, जहां 42 वर्षीय संजय कुमार को 5 दिसंबर को सीढ़ियों से धक्का दिए जाने के बाद गंभीर चोटें आई थीं।
घटना के तुरंत बाद पीड़ित को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया था। हालांकि, डॉ. राजेंद्र प्रसाद गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज (डीआर आरकेजीएमसी), हमीरपुर से 23 दिसंबर को प्राप्त अंतिम चिकित्सकीय रिपोर्ट में चोटों को ‘गंभीर’ (Grievous) घोषित किया गया। इसके आधार पर भोरंज थाना पुलिस ने मामला दर्ज करते हुए भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं 115(2) और 117(2) के तहत कार्रवाई की है।
पुलिस के अनुसार, घटना के बाद पीड़ित का प्रारंभिक उपचार हुआ और चोटों पर नजर रखी गई थी। अब गंभीर रिपोर्ट आने के बाद मामले को गंभीरता से लेते हुए एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस ने बताया कि पीड़ित के रक्त के नमूने रासायनिक परीक्षण के लिए रीजनल फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (आरएफएसएल), मंडी भेजे गए हैं।
थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की गहन जांच शुरू कर दी गई है। सभी पहलुओं और सबूतों की जांच के बाद ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने घटना में शामिल आरोपी व्यक्ति की पहचान पर अभी कोई टिप्पणी नहीं की है।