मेडिकल कॉलेज बस्ती हमीरपुर का सामाजिक समरसता एवम् हिन्दू एकता समागम आज पेंशनर भवन हमीरपुर में संपन्न हुआ। इस सम्मेलन में श्री सत्य नारायण मन्दिर हमीरपुर के मुख्य महंत श्री राकेश दास जी मुख्य अतिथि रहे। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित सभी जनों से आह्वान किया कि वर्तमान समय में सनातन संस्कृति ही पूरी दुनिया को एक नई राह दिखा सकती है और इसके लिए हम सभी को एकजुट होकर प्रयास करना चाहिए । आज हिन्दू समाज नए पैदा हो रहे मत – पंथ से जुड़कर अपनी मूल पहचान को भूल गया है इसी कारण समाज में विभेद पैदा हो रहा है। कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि शास्त्री भगवान दास ने कलियुग श्रीमद् भागवत गीता के महत्व एवम् प्रासंगिकता पर जानकारी साझा की।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता डॉक्टर जगवीर ने अपने उद्बोधन में कहा कि भारत भूमि स्वर्ग और मोक्ष का मार्ग दिखाने वाली है। देवता भी इस पुण्य भूमि पर मनुष्य रूप में जन्म लेने के लिए लालायित रहते हैं। भारत श्री राम, श्री कृष्ण, महर्षि अरविन्द, स्वामी महावीर, भगवान गौतम बुद्ध, स्वामी विवेकानन्द, स्वामी दयानन्द, वीर शिवाजी, गुरु नानक, गुरु गोविन्द सिंह जैसे महापुरुषों की भूमि है। संघ ने अपने शताब्दी वर्ष में पंच परिवर्तन का विषय समाज के समक्ष रखा है, जिसमें सबसे पहला आह्वान है कि समाज में स्वदेशी का भाव सब में जगे , दूसरा सभी परिवारों में संस्कार आएं , तीसरा समाज में छुआछूत का भेदभाव न हो तथा अपना सारा समाज समरस बने , चौथा अपने अधिकारों की तो हम बात करते हैं लेकिन साथ में जो नागरिक कर्तव्य हैं उनका भी हम पालन करें। तथा पांचवां आह्वान पर्यावरण के संरक्षण हेतु है। आज पर्यावरण को लेकर पूरे विश्व भर में जो चुनौतियां हैं उन चुनौतियों का समाधान तभी हो सकता है जब हम अपने पर्यावरण के प्रति सजग और जागरूक होंगे। अधिक से अधिक वृक्ष लगाकर तथा प्लास्टिक के दुरुपयोग को रोककर हम अपने पर्यावरण को बचा सकते हैं। समाज में बढ़ती हुई नशे की प्रवृत्ति पर भी उन्होंने चिंता व्यक्त की तथा माता – पिता, विशेष रूप से मातृ शक्ति से बच्चों पर विशेष ध्यान देने की बात कही। साथ में युवाओं से आह्वान किया कि आज भारत के पास दुनिया में सबसे ज्यादा युवा शक्ति है। राष्ट्र प्रथम का नारा देकर वे जन – जागरण अभियान चलाकर समाज में बढ़ रही इस कुरीति को समाप्त करने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं। आने वाला समय भारत का है। आज पूरी दुनिया भारत की ओर देख रही है । भारत अपनी आध्यात्म शक्ति और भारतीय ज्ञान परम्परा के बल पर पुनः समस्त विश्व का मार्गदर्शन एवम् कल्याण करने वाला है। कार्यक्रम में हरिद्वार से महंत वचन दास,विश्व हिन्दू परिषद के प्रान्त सह सचिव पंकज भारतीय, सीनियर सिटीजन काउंसिल के अध्यक्ष विजय पुरी, विभाग संघचालिका सुशीला शर्मा, कुटुम्ब प्रबोधन गतिविधि के जिला संयोजक मोहन शर्मा, नगर कार्यवाह राहुल वर्मा, आयोजन समिति के अध्यक्ष हेमराज शर्मा, उपाध्यक्ष गुरदीप दुबे, व्यवस्था प्रमुख पंकज शर्मा, डॉक्टर गलोढा, स्वाति शर्मा, जोगिंद्र रनौत सहित लगभग 1350 जन समुदाय उपस्थित रहा। सभी के लिए आयोजन समिति की ओर से भंडारे का आयोजन भी किया गया।
