राजकीय महाविद्यालय खड्ड में सड़क सुरक्षा जागरूकता शिविर आयोजित

सड़क सुरक्षा अभियान के तहत आज राजकीय महाविद्यालय खड्ड में क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी ऊना अशोक कुमार की अध्यक्षता में जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं महाविद्यालय स्टाफ को सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक करना रहा।

इस अवसर पर आरटीओ अशोक कुमार ने वाहन चलाते समय हेलमेट एवं सीट बेल्ट के अनिवार्य प्रयोग, निर्धारित गति सीमा का पालन, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन के प्रयोग से बचाव, गुड समेरिटन नियमों तथा सुरक्षित ड्राइविंग से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा नियमों की पालना से न केवल दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सकती है, बल्कि अनमोल मानव जीवन को भी सुरक्षित रखा जा सकता है।

आरटीओ ने जानकारी दी कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने एवं आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से जनवरी माह के दौरान देशभर में सड़क सुरक्षा अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा भी सड़क सुरक्षा माह जनवरी, 2026 को प्रभावी रूप से लागू करने के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।

उन्होंने बताया कि जिला ऊना में उपायुक्त एवं अध्यक्ष, जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति के मार्गदर्शन में सड़क सुरक्षा माह मनाया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत परिवहन विभाग के साथ-साथ जिला प्रशासन, पुलिस, लोक निर्माण विभाग, एनएचएआई, शिक्षा, स्वास्थ्य, पंचायती राज, स्थानीय निकाय विभाग तथा गैर-सरकारी संगठनों के सहयोग से विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के माध्यम से विशेष रूप से युवाओं एवं वाहन चालकों को यातायात नियमों की पालना के लिए प्रेरित किया जाएगा।

इस अवसर पर महाविद्यालय की सड़क सुरक्षा नोडल अधिकारी प्रो. आकृति जोशी तथा एनएसएस अधिकारी प्रो. वीरेंद्र सिंह ने भी विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा नियमों की विस्तृत जानकारी प्रदान की और सुरक्षित यातायात व्यवहार अपनाने का आह्वान किया।

powan dhiman
Author: powan dhiman

error: Content is protected !!