हमीरपुर- ग्राम पंचायत डिडवीं टिक्कर के तहत आने वाले गांवों में फलदार पौधों का वितरण किया गया। प्रति परिवार जापानी फल का एक-एक पौधा उपलब्ध करवाया गया। पंचायत के परिवारों से पौधों की सही ढंग से देखभाल करने का भी वचन लिया गया। जनसेवक एवं ऊखली पंचायत के उप प्रधान सुशील ठाकुर ने पर्यावरण संरक्षण मुहिम के तहत पौधे उपलब्ध करवाए। उन्होंने कहा कि फलदार पौधों का वितरण दो लक्ष्य को पूरा करने की दिशा में बढ़ रहा कदम है। एक तो लोगों को आगामी समय में ये पौधे पेड़ बनकर फल देंगे तो वहीं प्राकृतिक संपदा को बढ़ावा देने के दृष्टिगत बेहतर भूमिका निभाएंगे। इसी सोच के साथ पर्यावरण संरक्षण मुहिम चल रही है। इस मुहिम के तहत हजारों फलदार पौधों का वितरण अब तक किया जा चुका है। साल दर साल मौसम के अनुरूप फलदार पौधे उपलब्ध करवाए जा रहे हैं। लोगों के साथ व सहयोग से पर्यावरण को बचाने का कार्य निरंतर चलता रहेगा।
गौरतलब है कि पर्यावरण सरंक्षण मुहिम के साथ अब तक दर्जनों पंचायतों को जोडक़र लाभांवित किया जा चुका है। लोगों ने भी इन फलदार पौधों का सही ढंग से रोपण किया है तथा काफी पौधे अब पेड़ बनकर फल दे रहे हैं। इस मुहिम के साथ प्रबुद्ध वर्ग जुड़ा हुआ है, जिनके सुझाव अनुरूप फलदार पौधे उपलब्ध करवाए जा रहे हैं। सुशील ठाकुर ने बताया कि प्रकृति को संजोए रखना हमारा दायित्व है। आधुनिकता की दौड़ में प्रकृति को काफी नुकसान हुआ है। इस नुकसान की भरपाई अधिक से अधिक पेड़ पौधे लगाकर की जा सकती है। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि अधिक से अधिक पौधारोपण करें। उन्होंने इस अवसर पर उपस्थित लोगों का धन्यवाद किया तथा अधिक से अधिक पौधारोपण करने का आग्रह किया। इस अवसर पर रिटायर्ड प्रिंसिपल बलदेव धीमान, पंचायत प्रधान कुलवीर सिंह, उपप्रधान बलवीर कुमार, कैप्टन हेमराज वर्मा, रिटायर्ड चीफ इंजीनियर मनोज कुमार सहित स्थानीय वार्ड पंच और महिला मंडल के सदस्य उपस्थित रहे।
