झारखण्ड में जंगली हाथियों का आतंक, एक ही परिवार के पांच लोगों की कुचलकर हत्या, हफ्ते भर में 17 मौतें

रांची। झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले में जंगली हाथियों का आतंक भयावह रूप लेता जा रहा है। देर रात एक दंतैल हाथी ने गांव में घुसकर एक ही परिवार के पांच लोगों को कुचलकर मार डाला। इसके साथ ही बीते एक सप्ताह में हाथियों के हमले से मरने वालों की संख्या बढ़कर 17 हो गई है, जिससे पूरे इलाके में शोक और दहशत का माहौल है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पीड़ित परिवार रात के समय अपने घर में सो रहा था। इसी दौरान देर रात एक जंगली हाथी अचानक गांव में घुस आया और एक मकान पर हमला कर दिया। हाथी ने पहले घर को बुरी तरह क्षतिग्रस्त किया और फिर अंदर घुसकर परिवार के सदस्यों पर हमला कर दिया। इस दर्दनाक घटना में पति, पत्नी और उनके तीन मासूम बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई। हालांकि, परिवार का एक बच्चा किसी तरह जान बचाकर भागने में सफल रहा।

घटना की सूचना मिलते ही बुधवार सुबह ग्रामीणों के साथ स्थानीय प्रशासन और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत की खबर से पूरे गांव में मातम पसर गया है। लगातार हो रही घटनाओं से ग्रामीणों में भारी डर और आक्रोश है। ग्रामीणों का कहना है कि हाथियों के आतंक को रोकने के लिए वन विभाग द्वारा किए जा रहे प्रयास नाकाफी साबित हो रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से तत्काल ठोस कदम उठाने, गश्त बढ़ाने और हाथियों को रिहायशी इलाकों से दूर भगाने की प्रभावी व्यवस्था करने की मांग की है।

powan dhiman
Author: powan dhiman

error: Content is protected !!