हमीरपुर से इस वक्त बड़ी खबर सामने आ रही है। राष्ट्रीय राजमार्ग-03 के निर्माण कार्य को लेकर दरकोटी और अप्पर द्रोगन गांवों में देर रात हंगामा हो गया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि निर्माण कंपनी रात के अंधेरे में चुपचाप टारिंग का काम कर रही थी, जिसे ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर रुकवा दियाघटना रात करीब 9 बजे की है, जब ग्रामीणों को भनक लगी कि दरकोटी गांव के पास एनएच-03 पर बिना सूचना और मनमर्जी से टारिंग की जा रही है। सूचना मिलते ही अप्पर द्रोगन और दरकोटी गांव के लोग मौके पर पहुंचे और काम तुरंत बंद करवा दिया।
ग्रामीणों का कहना है कि कंपनी ने पहले जो वादे किए थे, उन पर आज तक अमल नहीं हुआ है। कई रास्ते और मुख्य संपर्क मार्ग अभी भी बंद पड़े हैं, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
“जब तक हमारे बंद रास्ते और संपर्क मार्ग नहीं बनाए जाते, तब तक यहां कोई काम नहीं होने देंगे। रात के अंधेरे में गुपचुप काम बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।”
ग्रामीणों ने साफ कहा कि हिमाचल के लोग भले ही सीधे-साधे हों, लेकिन बाहरी राज्यों की कंपनियों के बहकावे में अब नहीं आएंगे। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर फिर से रात के अंधेरे में काम करने की कोशिश की गई, तो इसके गंभीर परिणाम होंगे।
फिलहाल ग्रामीणों के विरोध के चलते एनएच-03 पर निर्माण कार्य रोक दिया गया है। अब देखना होगा कि प्रशासन और निर्माण कंपनी इस विवाद पर क्या रुख अपनाती है।
