मतदाता जागरूकता को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से 16वां राष्ट्रीय मतदाता दिवस 25 जनवरी को औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान मंडी में मनाया जाएगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मंडी अपूर्व देवगन करेंगे। इस अवसर पर नए पंजीकृत मतदाताओं को वोटर कार्ड वितरित किए जाएंगे तथा उपस्थित मतदाताओं को प्रत्येक चुनाव में अपने मताधिकार का प्रयोग करने की शपथ दिलाई जाएगी।
यह जानकारी आयोजन की तैयारियों को लेकर आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए अतिरिक्त उपायुक्त गुरसिमर सिंह ने दी। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय मतदाता दिवस भारतीय निर्वाचन आयोग की स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में हर वर्ष 25 जनवरी को मनाया जाता है। इसका उद्देश्य विशेषकर युवाओं और नव मतदाताओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोड़ना तथा स्वतंत्र, निष्पक्ष और सक्रिय मतदान के प्रति जागरूक करना है।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के दौरान भारत के मुख्य निर्वाचन आयुक्त का संदेश भी प्रदर्शित किया जाएगा। इसके अतिरिक्त जिला रेड क्रॉस सोसायटी के माध्यम से रेड क्रॉस रैफरल ड्रॉ भी निकाले जाएंगे।
कार्यक्रम में औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान मंडी के प्रशिक्षुओं के साथ-साथ स्वयंसेवी संगठनों के प्रतिनिधि भी भाग लेंगे। बैठक में तहसीलदार निर्वाचन राजेश कुमार, सचिव जिला रेड क्रॉस सोसायटी ओपी भाटिया, नायब तहसीलदार राजेश जोशी, इंस्ट्रक्टर आईटीआई मंडी परवीन कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।