हिमाचल प्रदेश से राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय भलेठ की प्रधानाचार्य मंजरी वी. महाजन का चयन किया गया।

नई दिल्ली स्थित इंडिया इंटरनेशनल सेंटर में राष्ट्रीय शैक्षिक योजना एवं प्रशासन संस्थान (NIEPA) के तत्वावधान में “सफल स्कूल नेतृत्व” विषय पर 17 से 19 जनवरी 2026 तक आयोजित तीन दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन में हमीरपुर जिले का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन हुआ।

इस प्रतिष्ठित सम्मेलन में देशभर से चयनित 54 विद्यालय प्रमुखों ने भाग लिया, जिनमें हिमाचल प्रदेश से राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय भलेठ की प्रधानाचार्य मंजरी वी. महाजन का चयन किया गया। उन्होंने जिले और प्रदेश का प्रतिनिधित्व करते हुए अपने विद्यालय में अपनाई जा रही नवाचारी शैक्षणिक गतिविधियों, प्रभावी नेतृत्व और सफल शैक्षणिक प्रयोगों पर आधारित विस्तृत प्रस्तुति दी।

प्रधानाचार्य मंजरी वी. महाजन ने अपनी प्रस्तुति में समग्र शिक्षा दृष्टिकोण, विद्यालयी सुधार की रणनीतियाँ, नेतृत्व क्षमता के व्यावहारिक उदाहरण और शैक्षणिक नवाचारों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया, जिसे सम्मेलन में मौजूद शिक्षा विशेषज्ञों और प्रतिभागियों ने सराहा।

इस राष्ट्रीय सम्मेलन का उद्देश्य विद्यालय नेतृत्व को सशक्त बनाना तथा विकसित भारत–2047 के लक्ष्य की प्राप्ति में शिक्षा की भूमिका को मजबूत करना रहा। सम्मेलन में जिले के शैक्षणिक प्रयासों को मिली इस पहचान से शिक्षा जगत में हर्ष का माहौल है।

powan dhiman
Author: powan dhiman

error: Content is protected !!