बिलासपुर पत्रकार हितों की रक्षा और पत्रकारिता को सशक्त बनाने के उद्देश्य से फेडरेशन ऑफ जर्नलिस्ट वेलफेयर एसोसिएशन, जिला बिलासपुर इकाई के प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा से बरठीं में मुलाकात कर उन्हें ज्ञापन सौंपा।
एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष कश्मीर सिंह ठाकुर की अगुवाई में मिले प्रतिनिधिमंडल में जिला महासचिव राकेश शर्मा, प्रेस क्लब झंडूता के प्रधान बाबू राम भारद्वाज सहित अन्य पत्रकार शामिल रहे।
महासचिव राकेश शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री को सौंपे गए ज्ञापन में पत्रकारों को एम्स एवं अन्य सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में निःशुल्क और विशेष स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने की मांग प्रमुख रूप से उठाई गई। इसके साथ ही पत्रकारों के लिए बसों में मुफ्त यात्रा सुविधा प्रदान करने का भी आग्रह किया गया।
उन्होंने कहा कि समाज के हर वर्ग की आवाज उठाने वाले पत्रकार स्वयं अनेक कठिन परिस्थितियों में कार्य करते हैं, लेकिन उनकी स्वास्थ्य और सामाजिक सुरक्षा की स्थिति चिंताजनक है। ऐसे में पत्रकारों और उनके आश्रित परिवारजनों को एम्स तथा केंद्र एवं राज्य सरकार के अधीन स्वास्थ्य संस्थानों में कैशलेस और निःशुल्क उपचार की सुविधा प्रदान की जानी चाहिए।
ज्ञापन में रखी गई प्रमुख मांगों में एम्स में पत्रकारों के लिए अलग हेल्प डेस्क, प्राथमिकता के आधार पर पंजीकरण, आयुष्मान भारत जैसी योजनाओं में पत्रकारों को विशेष श्रेणी में शामिल करना, वार्षिक स्वास्थ्य बीमा योजना, आकस्मिक दुर्घटना बीमा तथा स्वास्थ्य कार्ड जारी करने की व्यवस्था शामिल है।
इसके अलावा राज्य व सरकारी बसों में पत्रकारों के लिए मुफ्त यात्रा सुविधा तथा समाचार कवरेज के दौरान निजी वाहनों से आवाजाही करने वाले पत्रकारों को टोल बैरियर पर निशुल्क आवागमन की सुविधा देने की भी मांग की गई।
इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल में कश्मीर ठाकुर, राकेश शर्मा, बाबूराम भारद्वाज, देशराज रणौत, तरसेम राणा, हिमल भारद्वाज, जितेंद्र गौतम, राजेंद्र जगोता, टीडी शर्मा, पुरुषोत्तम कुमार सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
