सोलन के यश ठाकुर और विकास खाम की पेंटिंग प्रथम

अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव के अवसर पर मेला कमेटी और जिला प्रशासन मंडी द्वारा नगर निगम मंडी के सहयोग से छोटी काशी मंडी में पहली बार आयोजित मंडी आर्ट फेस्टिवल के तहत वॉल पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। दो दिनों तक चली इस प्रतियोगिता में कलाकारों ने इंदिरा मार्केट और उपायुक्त कार्यालय मार्ग के समीप सार्वजनिक दीवारों पर मंडी की संस्कृति, देव परंपरा और इतिहास को दर्शाते आकर्षक भित्ति चित्र तैयार किए।

 

महोत्सव की तीसरी सांस्कृतिक संध्या के दौरान उपायुक्त अपूर्व देवगन और मेयर नगर निगम वीरेंद्र भट्ट ने विजेता टीमों को नगद पुरस्कार से पुरस्कृत  किया। प्रतियोगिता में सोलन के यश ठाकुर और विकास खाम  की टीम को प्रथम स्थान प्राप्त हुआ। द्वितीय स्थान हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय की वृष्टि गिस्ट और अश्वनी राणा की टीम को मिला, जबकि तृतीय स्थान मंडी की रिद्धि सुयाल और गौरव शर्मा की टीम ने हासिल किया। प्रतियोगिता में भाग लेने वाली अन्य सभी टीमों को सांत्वना पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

 

निर्णायक मंडल में प्रवीण रावत और राजेश कुमार शामिल थे, जिन्होंने कलात्मक अभिव्यक्ति, विषय प्रस्तुति, रंग संयोजन, रचनात्मकता और स्थानीय सांस्कृतिक तत्वों के प्रभावी प्रदर्शन के आधार पर मूल्यांकन किया।

 

उपायुक्त अपूर्व देवगन ने कहा कि शिवरात्रि महोत्सव में पहली बार दृश्य कला को शामिल करना एक सराहनीय पहल है, जिससे शहर की सौंदर्य वृद्धि के साथ युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिला है।

 

इस अवसर पर आयुक्त नगर निगम रोहित राठौर, सहायक आयुक्त विजय कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं पार्षद उपस्थि त रहे।

 

powan dhiman
Author: powan dhiman

error: Content is protected !!