CM के गृह क्षेत्र में ही दो साल से अंधेरे में परिवार, बच्चों की बोर्ड परीक्षा पर संकट

हमीरपुर: मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के गृह विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांव पनसाई में एक परिवार पिछले दो वर्षों से बिजली और पानी जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए तरस रहा है। गुरुवार को गांव पनसाई की निवासी वीना शर्मा अपने पति, बच्चों और बुजुर्ग मां के साथ अतिरिक्त उपायुक्त कार्यालय पहुंचीं और अपने घर के लिए बिजली और पानी की मांग उठाई।

वीना शर्मा ने बताया कि उन्होंने 19 दिसंबर 2023 को अपने घर के लिए बिजली और पानी के कनेक्शन के लिए आवेदन किया था, लेकिन 6 मार्च 2026 तक भी उनके घर तक न तो बिजली पहुंची और न ही पानी की सुविधा मिल पाई। उनका कहना है कि पिछले दो साल से उनका परिवार एक दानी सज्जन द्वारा दी गई सोलर लाइट के सहारे ही गुजारा कर रहा है।

परिवार का कहना है कि वे इस समस्या को लेकर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से भी मिल चुके हैं, लेकिन अभी तक समस्या का समाधान नहीं हो पाया है। 21वीं सदी में भी उनके घर तक बिजली और पानी जैसी मूलभूत सुविधाएं न पहुंचना प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहा है।

वीना शर्मा के बच्चों ने भी अपनी पीड़ा जताते हुए कहा कि इस समय उनकी बोर्ड परीक्षाएं चल रही हैं, लेकिन बिजली की सुविधा न होने के कारण पढ़ाई में भारी दिक्कत आ रही है। बच्चों का कहना है कि अगर जल्द समाधान नहीं हुआ तो उनकी पढ़ाई और परीक्षा पर असर पड़ सकता है।

परिवार ने प्रशासन से मांग की है कि उनकी समस्या का तुरंत समाधान किया जाए और जल्द से जल्द उनके घर तक बिजली और पानी की सुविधा उपलब्ध करवाई जाए, ताकि उन्हें राहत मिल सके।

powan dhiman
Author: powan dhiman

error: Content is protected !!