हमीरपुर। जिला मुख्यालय से कुछ ही दूरी पर सोमवार देर शाम को सीजेएम के निर्देश पर ट्रैफिक चेकिंग का विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान नियमों का पालन न करने वाले वाहन चालकों के चालान काटे गए। चेकिंग के दौरान दोपहिया वाहनों से लेकर निजी गाड़ियों, टैक्सियों और बसों तक की जांच की गई।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार वाहनों में सीटों से अधिक सवारियां पाए जाने पर भी चालान किए गए। नियमों के अनुसार किसी भी बस में निर्धारित सीटों से अधिक यात्रियों को ले जाना सुरक्षा की दृष्टि से गंभीर उल्लंघन माना जाता है। यदि बस में सीट उपलब्ध नहीं है तो यात्रियों का खड़े होकर सफर करना भी दुर्घटना की आशंका को बढ़ाता है।
अक्सर देखा जाता है कि निजी और सरकारी बसें बस स्टैंड से यात्रियों को बैठा तो लेती हैं, लेकिन सीटें भरने के बाद भी अतिरिक्त सवारियां चढ़ा ली जाती हैं। इसके चलते कई यात्रियों को लंबी दूरी तक खड़े होकर सफर करना पड़ता है।
हालांकि इस पूरे मामले में सवाल यह भी उठता है कि क्या बस चालकों और यात्रियों को इन नियमों की जानकारी नहीं है? जब ड्राइविंग लाइसेंस बनवाया जाता है तो यातायात नियमों की जानकारी दी जाती है, बावजूद इसके अक्सर नियमों की अनदेखी देखने को मिलती है। ऐसे में ट्रैफिक नियमों का पालन सुनिश्चित करना सभी की जिम्मेदारी बनती है।
