उपायुक्त अपूर्व देवगन ने किया नेताजी सुभाष चंद्र बोस क्षेत्रीय अस्पताल मंडी का दौरा

उपायुक्त अपूर्व देवगन ने आज नेताजी सुभाष चंद्र बोस क्षेत्रीय अस्पताल मंडी का दौरा कर विभिन्न व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और अस्पताल प्रशासन को मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए आवश्यक सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अस्पताल में आने वाले मरीजों और उनके परिजनों को सुगम, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाना प्रशासन की प्राथमिकता है।

 

दौरे के दौरान उपायुक्त ने अस्पताल की फिजियोथैरेपी यूनिट, पर्ची (रजिस्ट्रेशन) काउंटर, कैश काउंटर, सामान्य वार्ड तथा विशेष वार्ड का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने नए पर्ची काउंटर पर व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश देते हुए वहां फोल्डेबल शटर तथा पंखे इत्यादि की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा, ताकि मरीजों और कर्मचारियों दोनों को सुविधा मिल सके।

 

उपायुक्त ने कहा कि मदर एंड चाइल्ड अस्पताल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए पुलिस की गुमटी स्थापित की जाएगी। इसके अतिरिक्त डॉक्टरों और अस्पताल स्टाफ की गाड़ियों के लिए निर्धारित पार्किंग स्थल को रेलिंग और आयरन गार्डर लगाकर व्यवस्थित व सुरक्षित बनाया जाएगा।उन्होंने विशेष वार्डों में मरीजों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक सुविधाएं बढ़ाने के निर्देश भी दिए। इसके तहत विशेष वार्डों में अलमारी और फ्रिज की व्यवस्था करने को कहा गया है, ताकि मरीजों और उनके परिजनों को बेहतर सुविधा मिल सके।

 

उपायुक्त ने अस्पताल प्रशासन को निर्देश दिए कि सभी व्यवस्थाओं की नियमित समीक्षा की जाए और जहां भी सुधार की आवश्यकता हो, वहां समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य संस्थानों में व्यवस्था, स्वच्छता और मरीजों की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। इस अवसर पर चिकित्सा अधीक्षक डॉ दिनेश ठाकुर भी उनके साथ मौजूद रहे और उन्होंने उपायुक्त को अस्पताल की विभिन्न व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी दी।

powan dhiman
Author: powan dhiman

error: Content is protected !!