गर्मी का मौसम शुरू होते ही अब सांपों के निकलने की घटनाएं भी सामने आने लगी हैं। मार्च माह में ही बढ़ती गर्मी के कारण जमीन का तापमान बढ़ रहा है, जिसके चलते सांप अपने बिलों से बाहर निकल रहे हैं।
इसी बीच आज दोपहर फायर सब-स्टेशन के नजदीक एक विशाल सांप दिखाई देने से इलाके में हड़कंप मच गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार यह सांप करीब दो से तीन मीटर लंबा और काफी मोटा था। सांप को देखते ही आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई और लोग सुरक्षित दूरी बनाकर खड़े हो गए।
बताया जा रहा है कि मौके पर मौजूद दमकल विभाग के कर्मचारियों ने सांप को मारने की बजाय पहले उसे वहां से भगाने की कोशिश की। हालांकि सांप बार-बार फन फैलाकर जोर-जोर से फुफकार मारने लगा और अपनी जगह से हटने को तैयार नहीं था।
कर्मचारियों द्वारा शोर मचाने और डंडों से जमीन पर आवाज करने के बाद सांप कुछ दूरी तक सरक कर गया, लेकिन थोड़ी दूर जाकर फिर रुक गया और दोबारा फन फैलाकर फुफकारने लगा।
आखिरकार दमकल कर्मचारियों ने डंडों और पत्थरों की आवाज से उसे डराया, जिसके बाद वह धीरे-धीरे झाड़ियों की ओर निकल गया। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि सांप काफी लंबा, मोटा और बेहद आक्रामक दिखाई दे रहा था, जो बार-बार अपने मुंह से तेज आवाज निकाल रहा था।
स्थानीय लोगों का कहना है कि गर्मी बढ़ने के साथ-साथ ऐसी घटनाएं और बढ़ सकती हैं, इसलिए लोगों को सावधानी बरतने और सांप दिखने पर तुरंत संबंधित विभाग को सूचना देने की सलाह दी जा रही है।
