हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर में इन दिनों पीलिया प्रकोप के बीच राजनीति भी गर्मा गई है। कांग्रेस नेता डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा ने सदर विधायक पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि “घड़ियाली आंसू बहाकर जनता को गुमराह करने की कोशिश बंद होनी चाहिए।”
डॉ. वर्मा ने दावा किया कि दूषित पानी से फैले पीलिया के मामलों को लेकर कांग्रेस टीम पहले ही सक्रिय हो चुकी थी और प्रशासन, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड व स्वास्थ्य विभाग के साथ मिलकर स्थिति संभालने में जुटी थी। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों को केवल औपचारिकता निभाने के बजाय समय रहते जनता के बीच रहकर समस्याओं का समाधान करना चाहिए।
शिक्षा से जुड़े मुद्दों पर भी उन्होंने स्पष्ट किया कि बॉयज और गर्ल्स स्कूल को को-एजुकेशन बनाने और एक को CBSE तथा दूसरे को HP बोर्ड से जोड़ने का प्रस्ताव पहले ही मुख्यमंत्री Sukhvinder Singh Sukhu के समक्ष रखा जा चुका है। ऐसे में इन मुद्दों को दोबारा उठाना जनता को भ्रमित करने जैसा है।
डॉ. वर्मा ने भरोसा जताया कि मुख्यमंत्री सुक्खू हमीरपुर की जनता की भावनाओं को समझते हैं और क्षेत्र के विकास के लिए प्रतिबद्ध हैं।
जनता के लिए अहम अपील
पीलिया के बढ़ते मामलों को देखते हुए उन्होंने बढ़, स्वाहल, डुग्गा और लाहड़-पंजयाली क्षेत्र के लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है।
पानी को उबालकर ही पिएं
साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें
जल शक्ति विभाग द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है, लेकिन इस संकट से बचने के लिए जनता की जागरूकता भी उतनी ही जरूरी बताई गई है।
