थाना सदर हमीरपुर के अंतर्गत एक नाबालिग बच्चे के अचानक लापता होने का मामला सामने आया है। इस संबंध में गांव अवाह बुहला, डाकघर सलौणी, तहसील भोटा, जिला हमीरपुर निवासी 74 वर्षीय श्रीमती शक्ति देवी पत्नी प्रताप सिंह ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है।
शिकायत के अनुसार, उनके बेटे अनिल कुमार और उसकी पत्नी सोनू कुमारी के बीच पिछले लगभग एक वर्ष से वैवाहिक विवाद चल रहा है, जिसके चलते दोनों अलग-अलग रह रहे हैं। उनका नाबालिग बेटा अपने पिता के साथ रह रहा था, जिसका पालन-पोषण, शिक्षा और अन्य खर्च पिता तथा दादा-दादी द्वारा उठाया जा रहा था।
शिकायत में बताया गया कि 21 मार्च 2026 को सुबह उक्त नाबालिग बच्चा अचानक अपने दादा-दादी के घर से गायब हो गया। आरोप है कि यह कार्य बिना पिता की सहमति के किया गया है।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर सोनू कुमारी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच शुरू कर दी है। साथ ही शिकायतकर्ता ने कहा है कि यदि बच्चे के साथ कोई अप्रिय घटना घटित होती है, तो उसकी जिम्मेदारी उसकी माता एवं मायके पक्ष के लोगों की होगी।