महिलाओं की भागीदारी से ही सशक्त लोकतंत्र का निर्माण संभव: प्रो. प्रेम कुमार धूमल

प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता प्रो. प्रेम कुमार धूमल के समीरपुर स्थित निवास स्थान पर आज महिला मोर्चा की प्रदेश कार्यकारिणी में नवनियुक्त सदस्य उषा बिरला, अनिता गथानिया और रीना सपहिया ने महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष अर्चना चौहान की अगुवाई में शिष्टाचार भेंट की।

 

इस अवसर पर प्रो. प्रेम कुमार धूमल ने कहा कि वर्तमान राजनीति में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण हो गई है और उनकी सक्रिय भागीदारी के बिना सशक्त लोकतंत्र की परिकल्पना अधूरी है। उन्होंने कहा कि महिलाएं आज हर क्षेत्र में अपनी क्षमता और नेतृत्व का परिचय दे रही हैं तथा राजनीतिक क्षेत्र में उनकी बढ़ती भागीदारी समाज में सकारात्मक परिवर्तन ला रही है।

 

प्रो. धूमल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी देश की पहली ऐसी राजनीतिक पार्टी है जिसने महिलाओं को राजनीति में आगे बढ़ाने के लिए टिकट वितरण में आरक्षण का प्रावधान किया और उन्हें नेतृत्व के अवसर प्रदान किए। उन्होंने कहा कि भाजपा महिला मोर्चा ने संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। महिला मोर्चा की कार्यकर्ता घर-घर जाकर पार्टी की नीतियों और कार्यक्रमों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य कर रही हैं, जिससे संगठन को व्यापक जनसमर्थन प्राप्त हो रहा है।

 

उन्होंने कहा कि महिला मोर्चा केवल संगठन का एक अंग नहीं, बल्कि पार्टी की विचारधारा को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम है। महिलाओं की ऊर्जा, संवेदनशीलता और नेतृत्व क्षमता के कारण पार्टी निरंतर सशक्त हो रही है।

 

इस अवसर पर उषा बिरला, अनिता गथानिया और रीना सपहिया ने महिला मोर्चा की ओर से भारतीय जनता पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प भी लिया।

powan dhiman
Author: powan dhiman

error: Content is protected !!