हमीरपुर पुलिस की नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, दो मामलों में तीन आरोपी गिरफ्तार

हमीरपुर: जिला पुलिस द्वारा नशा तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत दो अलग-अलग मामलों में अहम सफलताएं हासिल की गई हैं। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में नशा कारोबारियों के खिलाफ सख्त संदेश गया है।

 

पहले मामले में पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर बदाहर मोड़ पर एक स्कूटी को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान स्कूटी से 12.70 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद की गई। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों दीक्षांत गर्ग (24 वर्ष), निवासी तहसील भोरंज तथा दिनेश कुमार (28 वर्ष), निवासी डाकघर करोहता, तहसील भोरंज को गिरफ्तार किया है। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।

 

दूसरे मामले में थाना नादौन पुलिस ने 24 मार्च 2026 को पुराना फतेहपुर क्षेत्र में गश्त के दौरान सुनील कुमार (24 वर्ष) को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से 6.87 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद की गई। इस संबंध में थाना नादौन में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

 

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी सुनील कुमार के खिलाफ पहले से चार मामले दर्ज हैं और ड्रग टेस्ट में भी वह पॉजिटिव पाया गया है।

 

हमीरपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशा तस्करी के खिलाफ उनका अभियान लगातार जारी रहेगा और इस अवैध गतिविधि में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

powan dhiman
Author: powan dhiman

error: Content is protected !!